नई दिल्ली: ऑनलाइन ट्रैवल सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर साइबर ठगी का ऐसा खेल सामने आया है, जिसमें एक कंपनी को 2.50 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान करना था, लेकिन गलती से 25 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खाते में पहुंच गए। रकम वापस मांगने पर कथित जालसाजों ने फोन बंद कर लिया और संपर्क तोड़ दिया। हालांकि, शाहदरा जिला पुलिस की साइबर टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के लखनऊ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अब तक 15 लाख रुपये बरामद कर शिकायतकर्ता को वापस दिलाए हैं। साथ ही एक सोने की चेन भी बरामद की है।
व्हाट्सऐप पर ट्रैवल सर्विस का सौदा, गलती से भेजे 25 लाख
मामला क्रेनलिंक इंफ्रा सर्विसेज कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट सिद्धांत शुक्ला ने पुलिस को बताया कि कंपनी के लिए ट्रैवल सर्विस तलाशते समय व्हाट्सऐप के जरिए कुछ लोगों से सौदा तय हुआ था। इसके लिए 2.50 लाख रुपये अग्रिम देने थे। आरोपियों ने श्रीकिशुन ट्रैवल्स के एचडीएफसी बैंक खाते की जानकारी दी। भुगतान के दौरान गलती से 25 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। रकम लौटाने की मांग पर आरोपी गायब हो गए। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को साइबर थाना शाहदरा में एफआईआर संख्या 52/26 दर्ज की गई।
बैंक ट्रांजेक्शन की जांच में लखनऊ कनेक्शन आया सामने
मामले की गंभीरता देखते हुए इंस्पेक्टर श्वेता शर्मा, एएसआई राजदीप, हेड कांस्टेबल जावेद, दीपक और नरेंद्र की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने एसएचओ विजय कुमार के नेतृत्व में, एसीपी ऑपरेशंस अवधेश कुमार की निगरानी और डीसीपी शाहदरा के समग्र पर्यवेक्षण में जांच आगे बढ़ाई। बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल में पता चला कि 20 लाख रुपये शिवा ट्रेडर्स के एक्सिस बैंक खाते में 15 और 5 लाख की दो किस्तों में भेजे गए। दो लाख रुपये अन्य खाते में ट्रांसफर हुए, जबकि तीन लाख रुपये से लखनऊ के गोमती ज्वेलर्स में पीओएस मशीन के जरिए सोने के आभूषण खरीदे गए।
20 प्रतिशत कमीशन पर सहयोगियों को दी रकम और सोने की चेन
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बुद्दन रामजनम यादव उर्फ श्रीकेश (32) ने दूसरे बैंक खाते से चेक के जरिए 20 लाख रुपये निकाले और अपने साथियों को नकद सौंप दिए। उसने तीन लाख रुपये की दो सोने की चेन खरीदकर 20 प्रतिशत कमीशन के बदले सहयोगियों को दी थीं। वहीं गौतम यादव (22) ने अपने नाम पर जारी सिम कार्ड उपलब्ध कराया था, जो शुरुआती एचडीएफसी बैंक खाते से जुड़ा था।
मोबाइल फोन, सिम कार्ड और सोने की चेन बरामद
पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड, दो चेकबुक, आभूषण खरीदने की ट्रांजेक्शन पर्ची, श्रीकिशुन ट्रैवल्स की बिल बुक की पर्ची और एक सोने की चेन बरामद की है। दोनों आरोपी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित संगम सिटी के रहने वाले हैं।
ऑनलाइन भुगतान से पहले खाते की जानकारी जांचने की अपील
शाहदरा जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन भुगतान करते समय बैंक खाते का नाम और रकम अच्छी तरह जांचें। छोटी सी लापरवाही आपकी जीवनभर की कमाई को साइबर अपराधियों तक पहुंचा सकती है।












