होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के हमलों से डरा अमेरिका! मार्को रुबियो ने G7 देशों से मांगी मदद

0
6

नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के हमलों के बीच अमेरिका ने अब अपने सहयोगी देशों से मदद मांगी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को जी7 देशों से अपील की कि वे इस अहम समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए आगे आएं। हालांकि, उनकी इस अपील को फिलहाल कोई खास समर्थन नहीं मिला है। रुबियो ने खुद स्वीकार किया कि पेरिस में हुई बैठक के दौरान इस मुद्दे पर कोई सहमति नहीं बन सकी। जी7 देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बातचीत के बाद रुबियो ने कहा कि उन्होंने जहाजों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था, लेकिन किसी भी देश की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने साफ किया कि सहयोगी देशों का समर्थन मिले या नहीं, अमेरिका इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर जहाजों की सुरक्षा के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। वैश्विक तेल और ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है। पिछले कुछ महीनों से यहां से गुजरने वाले जहाजों को ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। रुबियो ने कहा कि अमेरिका अपने साझेदार देशों को वैश्विक समुद्री यातायात की सुरक्षा के प्रयासों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि इस रास्ते की सुरक्षा केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के हित में है। उनके मुताबिक, अमेरिका खुद इस मार्ग से तेल की आपूर्ति पर निर्भर नहीं है, इसके बावजूद वह जहाजों की सुरक्षा के लिए प्रयास कर रहा है।

पहले युद्ध रोकने की शर्त रख रहे सहयोगी देश

हालांकि, फ्रांस समेत अमेरिका के कई सहयोगी देशों ने इस मामले में अलग रुख अपनाया है। उनका कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा के लिए बारूदी सुरंग हटाने वाले जहाज और दूसरी सैन्य सहायता तभी दी जा सकती है, जब क्षेत्र में लड़ाई रुक जाए। रुबियो ने इस स्थिति को मुश्किल बताया। उन्होंने कहा कि कुछ देश चाहते हैं कि संघर्ष का खतरा पूरी तरह खत्म होने के बाद ही वे अपने सैनिकों और संसाधनों को जहाजों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराएं। अमेरिका के सामने यही सबसे बड़ी चुनौती है।

जी7 बैठक में यूक्रेन युद्ध पर भी हुई चर्चा

इसी बीच फ्रांस की राजधानी पेरिस में जी7 देशों के विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के साथ भी बैठक की। सिबिहा ने सबसे पहले रुबियो से मुलाकात की और इसके बाद जी7 के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ बातचीत की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच संयुक्त अरब अमीरात में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हुई है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, रुबियो और सिबिहा ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत, ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि, बैठक में शामिल नेताओं ने बातचीत का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here