मायावती का फूटा गुस्सा, आकाश आनंद पर दागे तीखे सवाल, कहा ‘मेरी बीमारी की अफवाहों के पीछे कौन सा खेल?

0
8
Mayawati attack on Akash Anand
Pinterest

नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत खराब होने की अफवाह जानबूझकर फैलाई जा रही थी, जिसके चलते उन्हें खुद मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी। मायावती ने दावा किया कि पार्टी के हित में हाल में लिए गए उनके कड़े फैसलों से संगठन को नुकसान नहीं, बल्कि फायदा हो रहा है।

मायावती ने कहा कि आमतौर पर वह कई अहम मुद्दों पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखती रही हैं। लेकिन इस बार उनके बीमार होने की चर्चा होने लगी, इसलिए उन्होंने सीधे मीडिया से बात करने का फैसला किया। उन्होंने इस अफवाह के पीछे आकाश आनंद और उनके समर्थकों पर सवाल उठाए।

मायावती पूरी तरह स्वस्थ: आलोक कुमार

बसपा प्रमुख ने एक कथित फोन कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आवास पर मौजूद पार्टी प्रभारी आलोक कुमार के पास रात करीब 10 बजे आकाश आनंद का फोन आया था। मायावती के मुताबिक, आकाश ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और पूछा कि क्या वह बीमार चल रही हैं। आलोक कुमार ने उन्हें बताया कि मायावती पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। इसके बाद आकाश ने कथित तौर पर कहा कि यह बात मायावती को न बताई जाए और फोन काट दिया।

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का इरादा सही था या गलत, यह वह नहीं जानतीं, लेकिन उनका आरोप है कि आकाश अब भी अपने विवेक से फैसले नहीं ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह अब भी अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं।

BSP संगठन में बड़ा बदलाव

मायावती ने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में किए गए बदलाव की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को तीन सेक्टर में बांटा गया है। पहले सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है, जिसकी निगरानी वह खुद करेंगी।

देश के बाकी राज्यों को दो अन्य सेक्टरों में बांटा गया है। इनकी जिम्मेदारी अलग-अलग सेक्टर प्रभारियों को दी गई है। मायावती के मुताबिक, इन नेताओं से वह नियमित रिपोर्ट लेंगी और जरूरत पड़ने पर फोन पर भी बातचीत करेंगी। दोनों सेक्टरों के केंद्रीय प्रभारी दिल्ली में रिपोर्ट देंगे। करीब डेढ़ महीने के अंतराल पर बैठकों का आयोजन होगा। इन बैठकों की जिम्मेदारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को दी गई है, जबकि अंतिम रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को सौंपी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here