नई दिल्ली: मोदी सरकार की संसद में ताकत बढ़ने जा रही है। डिलिमिटेशन बिल पर कई विपक्षी दल एनडीए को सपोर्ट करने जा रहे हैं। इसमें लंबे समय से मोदी सरकार के खिलाफ रहे एमके स्टालिन की डीएमके और शरद पवार की एनसीपी-एसपी है। स्टालिन ने तो सपोर्ट करने का खुला ऐलान कर दिया है, जबकि एनसीपी-एसपी पर भी तय माना जा रहा है कि वह भी बिल को सपोर्ट करेगी। पिछली बार अप्रैल में आया यह बिल संसद में पास नहीं हो सका था, लेकिन इस बार मोदी सरकार को पूरा भरोसा है कि बिल दो तिहाई बहुमत के साथ पास हो जाएगा।
एनसीपी-एसपी के एनडीए में जाने की अटकलें
सूत्रों के अनुसार, एनसीपी-एसपी न सिर्फ डिलिमिटेशन बिल का सपोर्ट करेगी, बल्कि आने वाले समय में एनडीए में भी शामिल होगी और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले मोदी कैबिनेट में मंत्री भी बनेंगी। शरद पवार और उनकी बेटी और एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले लंबे समय से केंद्र सरकार का विरोध करते रहे हैं। इंडिया अलायंस का अब तक हिस्सा रही एनसीपी-एसपी आने वाले दिनों में पाला बदल सकती है। उसके एनडीए में शामिल होने की अटकलें हैं, जिससे मोदी सरकार और ताकतवर हो जाएगी।
सूत्रों के हवाले से एनडीटीवी ने दावा किया है कि सुप्रिया सुले मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र सरकार में भी उनकी पार्टी को हिस्सेदारी मिलेगी। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्रालय मिल सकता है। वहीं, एक अन्य नेता जितेंद्र आव्हाड को भी कैबिनेट मंत्रालय मिलने की अटकलें हैं। दो अन्य नेताओं को भी महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
अप्रैल में क्यों नहीं पास हुआ था बिल
2024 लोकसभा में अपने बल पर बहुमत न हासिल कर पाने वाली भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए ने सरकार बनाई। अप्रैल महीने में उसे संसद में तब बड़ा झटका लगा, जब डिलिमिटेशन बिल पास नहीं हो सका। उसके पक्ष में महज 298 वोट ही पड़े, जबकि पास होने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी। इसके अगले महीने आए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने एनडीए का ही पूरा नक्शा बदल दिया। ममता बनर्जी की हार के बाद टीएमसी में बड़ी टूट हुई और 20 लोकसभा सांसद अलग हो गए। इन सभी ने एनडीए को सपोर्ट करने का ऐलान किया। इसके अलावा, शिवसेना यूबीटी के छह सांसद शिंदे की शिवसेना के साथ जुड़ गए।
अब संसद में नंबर गेम की बात करें तो भाजपा के पास 241, नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया के पास 20, शिवसेना शिंदे के पास 13, टीडीपी के पास 16, जेडीयू के पास 12, एलजेपी रामविलास के पास 5, आरएलडी के पास 2, जेडीएस के पास 2 और अन्य सहयोगी और समर्थकों के पास 9 सांसद हैं। इस तरह कुल आंकड़ा 320 तक पहुंचता है। डीएमके के 22, शरद पवार की एनसीपी-एसपी के 8 और वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसदों के सपोर्ट के बाद कुल आंकड़ा बढ़कर 354 तक पहुंच गया है।
दो तिहाई बहुमत से कितनी दूर
लोकसभा की कुल सीटें 543 हैं। वर्तमान में सांसद 540 हैं और 3 सीटें खाली हैं। अगर सभी 540 सांसद मतदान करें तो दो तिहाई के लिए 360 वोट चाहिए। अभी सिर्फ छह सांसदों की कमी है, लेकिन माना जा रहा है कि कुछ विपक्षी सांसद बिल पर वोटिंग के दौरान संसद से बाहर रह सकते हैं, जिससे कुल सदस्यों की संख्या कम हो जाएगी और मोदी सरकार डिलिमिटेशन बिल आसानी से पास करवा लेगी।












