NTA परीक्षा में बिजली संकट से हड़कंप, जयपुर के 49 छात्रों के लिए 1 सितंबर को फिर होगा AIAPGET

0
7
AYUSH PG Entrance Exam Jaipur NTA Satya Sai College
Ai generated

नई दिल्ली: जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में शनिवार को ऑल इंडिया आयुष पीजी एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) के दौरान बिजली गुल होने से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. बता दें, ऑनलाइन मोड में होने वाली परीक्षा के बीच बिजली चली जाने के कारण कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं कुछ छात्र परीक्षा पूरी किए बिना ही केंद्र से बाहर निकल गए.

कितनी पारियों में हुई परीक्षा 

परीक्षा की पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी. बताया जा रहा है कि करीब 10:15 बजे केंद्र की बिजली चली गई. इसके बाद परीक्षा व्यवस्था को सुचारू करने की कोशिश की गई, लेकिन समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी. इसका असर दूसरी पारी पर भी पड़ा. दूसरी पारी में अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाना था. हालांकि, बिजली की समस्या के चलते ऑनलाइन परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी और करीब 3 बजे तक कई अभ्यर्थी बाहर इंतजार करते रहे.

इस दौरान कॉलेज व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए. हालांकि बिजली जाने के बाद जनरेटर चलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसमें डीजल नहीं होने की बात सामने आई. इसके बाद दूसरा जनरेटर मंगाया गया, लेकिन वह भी तकनीकी खराबी के कारण चालू नहीं हो सका. बाद में तीसरा जनरेटर लाया गया, लेकिन उससे भी तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई. 

49 अभ्यर्थियों की दोबारा होगी परीक्षा

मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है. NTA के मुताबिक, 22 अगस्त को AIAPGET की पहली पारी में देशभर के 200 केंद्रों पर 35,837 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से 35,788 अभ्यर्थियों ने अपना पेपर पूरा कर लिया है. जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे. इनमें से 49 उम्मीदवार बिजली गुल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके.

NTA ने इन 49 अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है. री-एग्जाम जयपुर के राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमन में होगा. एजेंसी के अनुसार, संशोधित एडमिट कार्ड के जरिए उम्मीदवारों को आगे की जानकारी दी जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here