रतिया: नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में थाना सदर रतिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरीक सिंह पुत्र बलवंत सिंह, निवासी बागपुर कलां, मोहना, जिला पलवल के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
शिकायत 17 वर्षीय बेटी घर से लापता, अज्ञात व्यक्ति का शक
थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाना सदर रतिया में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी घर से लापता हो गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी, जांच जारी
शिकायत के आधार पर थाना सदर रतिया में मुकदमा न0 214, दिनाँक 06.10.2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए थाना सदर रतिया पुलिस ने आरोपी अमरीक सिंह की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले की गहनता से जाँच जारी है।












