नई दिल्ली: रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के बाहर अगर कोई अनजान व्यक्ति साझा टैक्सी में सफर का ऑफर दे तो सावधान! राजधानी में यात्रियों को सुरक्षित सफर का भरोसा देकर लूटने वाले एक संगठित गिरोह का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर चार वारदातों का खुलासा किया है।
आरोपियों का तरीका, साझा टैक्सी में बैठाकर लूट
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि आरोपी आनंद विहार आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को साझा टैक्सी में बैठाते थे। गाड़ी कुछ दूर पहुंचते ही चालक और उसके साथी यात्रियों को घेरकर नकदी, मोबाइल और कीमती सामान लूट लेते थे। इतना ही नहीं, पीड़ितों को यूपीआई के जरिए जबरन रकम ट्रांसफर करने के लिए भी मजबूर किया जाता था।
मामले की शुरुआत और पुलिस जांच
मामले की शुरुआत 2 नवंबर को हुई, जब आनंद विहार आईएसबीटी के बाहर एक यात्री को कपासेड़ा बॉर्डर छोड़ने का झांसा देकर टैक्सी में बैठाया गया और उससे लूटपाट कर सात हजार रुपये यूपीआई से ट्रांसफर करा लिए गए। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।
गिरफ्तारी, बरामदगी और टीम का उल्लेख
5 नवंबर की रात खोड़ा कॉलोनी में जाल बिछाकर वीर सिंह, किशनपाल और विजय उर्फ मोनू को ऑरा कार सहित दबोचा गया। उनकी निशानदेही पर विकास उर्फ कालिया भी गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने एक ऑरा कार, लूटा गया मोबाइल और 3800 रुपये बरामद किए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ चार लूट के मामले सुलझाए गए हैं। आरोपियों ने एक दर्जन से अधिक अन्य वारदातों में संलिप्तता की बात भी बताई है, जिसकी जांच जारी है। यह कार्रवाई एसआई सतेंद्र यादव, एसआई अंशुल खोखर, एएसआई अजीत कुमार, एएसआई अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल कौशेंद्र, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार शर्मा और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की टीम ने किया।पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व और एसीपी मधु विहार की निगरानी में हुई।












