1971 युद्ध की बरसी पर बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना, सरकार से की खास मांग

0
3

नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर पहली बार एक तय तारीख सामने आई है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, हसीना 16 दिसंबर को भारत से ढाका लौटने की तैयारी कर रही हैं। यह वही दिन है, जब बांग्लादेश 1971 में पाकिस्तान से आजाद हुआ था और विजय दिवस मनाया जाता है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

रॉयटर्स से बातचीत में हसीना के प्रवक्ता सैयद मुज्जमिल अली ने वापसी की योजना की पुष्टि की। उनके अनुसार, हसीना ने दिल्ली से ढाका जाने के लिए बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान की व्यवस्था करने की इच्छा जताई है। हसीना करीब दो साल से भारत में रह रही हैं और उनके प्रत्यर्पण का मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव की वजह बना हुआ है।

क्या है शेख हसीना की वापसी की योजना

प्रवक्ता ने कहा कि हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं। अब उनकी अपील है कि सरकार दिल्ली से ढाका तक उनकी हवाई यात्रा का इंतजाम करे। उनका कहना है कि सरकार को विजय दिवस पर उनकी वापसी का रास्ता साफ करना चाहिए।

नागरिक के तौर पर लौटकर मुकदमे का सामना करना चाहती हैं

हसीना ने ढाका लौटने के लिए पहचान पत्र और पासपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की थी। वह आम नागरिक के रूप में लौटकर अदालत में अपने खिलाफ चल रहे मामले का सामना करना चाहती हैं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार चाहती है कि उन्हें सामान्य यात्री की तरह आने देने के बजाय भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाए।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश की अदालत ने 2024 में प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों को खारिज किया है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। देश छोड़ने के बाद अंतरिम प्रशासन ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था।

बांग्लादेश में हिंसा से बढ़ी सरकार की चुनौती

नवंबर की शुरुआत से बांग्लादेश के कई इलाकों में हिंसा और राजनीतिक झड़पें हो रही हैं। अब तक चार लोगों की मौत की खबर है। आवामी लीग और बीएनपी समर्थकों के बीच टकराव की घटनाएं भी सामने आई हैं। भारत ने बांग्लादेश में जारी हिंसा पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here