जीजा के प्यार में साली ने रची पति और बहन की हत्या की साजिश, सच सामने आते ही की आत्महत्या

0
5
Sister in law plots to murder husband and sister out of love for brother in law commits suicide once the truth is revealed
Pinterest

भोपाल: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पारिवारिक रिश्तों और विश्वास पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. बता दें, राजनगर थाना क्षेत्र के पाय गांव में शादी के करीब दो महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस दौरान शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती ने आत्महत्या की थी लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कुछ ऐसे सबूत सामने आए जिसने इस घटना को एक नया मोड़ दे दिया.

कब हुई थी शादी 

जानकारी के अनुसार, मृतका मनीषा पटेल की शादी 5 मई को शिवम पटेल से हुई थी. 26 जून को उसका शव ससुराल के रसोईघर में फंदे से लटका मिला. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस और परिजनों को मृतका का मोबाइल फोन मिला, जिसकी पड़ताल में कई अहम जानकारियां सामने आईं.

मोबाइल में मिले सबूत 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोबाइल में मौजूद चैट और ऑडियो कॉल रिकॉर्ड से संकेत मिले कि मनीषा का अपनी बड़ी बहन के पति अजय के साथ कथित प्रेम संबंध था. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच अपने-अपने जीवनसाथियों को रास्ते से हटाने को लेकर बातचीत हुई थी. फिलहाल पुलिस इन डिजिटल सबूतों की सत्यता और परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है.

क्यों उठाया गया ये कदम 

बताया जा रहा है कि इस रिश्ते और बातचीत की जानकारी मृतका के मायके पक्ष और उसकी बहन को भी हो गई थी. इसके बाद परिवार में तनाव का माहौल बन गया. आशंका जताई जा रही है कि मामले के उजागर होने के बाद मानसिक दबाव और सामाजिक बदनामी के डर से मनीषा ने आत्मघाती कदम उठाया. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का आधिकारिक तौर पर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा 

वहीं, मृतका के पति शिवम पटेल के परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि घटना के बाद उन्हें दहेज प्रताड़ना जैसे मामलों में झूठा फंसाया जा सकता है. इस बीच पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here