एसएसपी ने आधी रात को परखी पुलिस की मुस्तैदी, रात्रि गश्त में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

0
6

मथुरा: जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में एसएसपी श्लोक कुमार ने देर रात जनपद के विभिन्न थानों, यूपी-112 कंट्रोल रूम और अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) वाहनों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल रही। एसएसपी ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

थानों में ड्यूटी और गश्त व्यवस्था की जांच

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानों में रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और सतर्कता को परखा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि रात्रि के समय गश्त व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील और अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। प्रमुख चौराहों, बाजारों, हाईवे और सुनसान इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

यूपी-112 कंट्रोल रूम और पीआरवी का निरीक्षण

इसके बाद एसएसपी ने यूपी-112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आपातकालीन कॉल पर पुलिस की प्रतिक्रिया और सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संबंधित पीआरवी को बिना देरी घटनास्थल के लिए रवाना किया जाए। पीआरवी वाहनों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और पुलिसकर्मियों की तत्परता भी जांची गई।

जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

एसएसपी श्लोक कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि गश्त के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ करें।

Reported by- Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here