नई दिल्ली: डिजिटल दुनिया में AI की रफ्तार लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब इसी तेजी को लेकर टेक जगत में चिंता भी सामने आने लगी है. एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोडेई ने AI मॉडल की क्षमताएं बढ़ाने की गति कुछ धीमी करने की अपील की है. उनके इस सुझाव से OpenAI के प्रमुख सैम आल्टमैन और xAI के एलन मस्क भी सहमत नजर आए.
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमोडेई ने कहा कि AI मॉडल तेजी से सक्षम हो रहे हैं, इसलिए कंपनियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त समय देना जरूरी है.
स्वतंत्र विशेषज्ञों से सुरक्षा जांच का प्रस्ताव
अमोडेई ने बड़ी AI कंपनियों में स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति का सुझाव दिया. इन विशेषज्ञों को कंपनियों के सिस्टम तक कर्मचारियों जैसी पहुंच देकर सुरक्षा की गहराई से जांच कराई जा सकती है. उन्होंने AI कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल और वैश्विक सहयोग की जरूरत भी बताई. उनके मुताबिक, गति कम करने का मतलब विकास रोकना नहीं है, बल्कि सुरक्षा तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय देना है.
सैम आल्टमैन ने इस विचार का समर्थन करते हुए कहा कि AI की अगली पीढ़ी के विकास की गति को नियंत्रित करना जरूरी है. उन्होंने स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ताओं को अंदरूनी पहुंच देने के सुझाव को अच्छा बताया और संकेत दिया कि OpenAI भी ऐसी व्यवस्था अपना सकता है. एलन मस्क ने भी अमोडेई की बात का समर्थन किया.
AI के गलत इस्तेमाल की चिंता
अमोडेई का यह बयान एंथ्रोपिक की एक हालिया रिपोर्ट के बाद आया है. रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कुछ लोगों ने क्लाउड AI मॉडल का इस्तेमाल हथियारों से जुड़े काम, साइबर हमलों, निगरानी और धोखाधड़ी जैसे मामलों में किया. अमोडेई ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में AI से चलने वाले स्वायत्त सिस्टम बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा सकते हैं. उन्होंने आशंका जताई कि अगले 6 से 12 महीनों में ऐसे सिस्टम इंटरनेट के बड़े हिस्से पर असर डाल सकते हैं और इससे सैकड़ों अरब डॉलर का नुकसान होने का खतरा है. हाल ही में एंथ्रोपिक के रिसर्चर जैकब कॉक्सन ने भी इस्तीफा देकर AI के संभावित खतरों पर चिंता जताई थी.
हालांकि, अमोडेई AI ट्रेनिंग या तकनीकी विकास को पूरी तरह रोकने के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देशों को चीन के साथ AI की प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखना होगा. उनके मुताबिक, चीन की बढ़त अमेरिका के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बन सकती है. इसलिए सुरक्षा मजबूत करते हुए विकास की गति को संतुलित करना जरूरी है. उन्होंने चीन को बढ़त से रोकने के लिए उन्नत AI चिप्स और मॉडल डेटा की चोरी पर सख्त नियंत्रण की मांग भी की.












