UP में तीसरे मोर्चे की एंट्री, ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, कल लखनऊ में होगा बड़ा ऐलान

0
11

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा खेल होने जा रहा है। तीसरे मोर्चे की तैयारी तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर विधानसभा चुनाव के लिए नया गठबंधन तैयार कर लिया है। इस गठबंधन की औपचारिक घोषणा कल यानी लखनऊ में की जाएगी। दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान करेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कल दपहर 12 बजे लखनऊ के दयाल पैराडाइस होटल में होगीय़ इसी दैरान गठबंधन के नाम की भी घोषणा की जाएगी। इस नए मोर्चे के करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है।

क्यों अहम है ये गठबंधन?

ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने से यूपी विधानसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की चर्चा शुरू हो गई है। दोनों नेता कल गठबंधन की रूपरेखा और उसके नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे। इसके बाद चुनाव में मोर्चे की रणनीति और सीटों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। यूपी में मुख्य मुकाबला बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन के बीच माना जा रहा है। लेकिन चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे की एंट्री से राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

40% दलित-मुस्लिम वोट पर नजर

तीसरे मोर्चे में कुछ अन्य छोटे दलों और नेताओं को भी शामिल करने की बातचीत चल रही है। अगर ऐसा होता है तो यह मोर्चा प्रदेश के करीब 40 फीसदी दलित-मुस्लिम वोट बैंक को एकजुट करने की कोशिश कर सकता है। असद ओवैसी की नजर यूपी की कम से कम 40 से 45 मुस्लिम बहुल सीटों पर है और उन्होंने चुनावी अभियान भी तेज कर दिया है। इससे पहले उन्होंने बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए INDIA गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें साथ लेने से इनकार कर दिया था।

बिहार वाला फॉर्मूला यूपी में दोहराने की कोशिश

असद ओवैसी बिहार चुनाव में मिली सफलता को यूपी में दोहराने की उम्मीद कर रहे हैं। बिहार में महागठबंधन के साथ सीटों पर समझौता नहीं होने के बाद उनकी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा था और मुस्लिम बहुल सीमांचल इलाके में पांच सीटें जीती थीं। हालांकि, यूपी में उनकी पार्टी का पिछला प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। 2022 के विधानसभा चुनाव में मेरठ जिले की उनकी चार सीटों पर उम्मीदवार 5 हजार वोट भी हासिल नहीं कर पाए थे।

चंद्रशेखर की भी बड़ी दावेदारी

चंद्रशेखर आजाद भी प्रदेश की दलित राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी की कमजोर होती राजनीतिक पकड़ से दलित राजनीति में जो जगह बनी है, उसका फायदा समाजवादी पार्टी भी उठाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में ओवैसी के साथ चंद्रशेखर का गठबंधन विपक्ष के सामाजिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

हालांकि, यूपी में मुस्लिम वोट बिहार के सीमांचल की तरह कुछ लगातार जुड़ी हुई सीटों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोहिलखंड, पश्चिमी यूपी, अवध के कुछ हिस्सों और पूर्वी जिलों में फैले हुए हैं। ऐसे में मुस्लिम वोटर्स पहचान के आधार पर प्रतिनिधित्व के बजाय चुनावी जीत की संभावना को प्राथमिकता दे सकते हैं और समाजवादी पार्टी के पक्ष में जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here