न झुकेंगे, न रुकेंगे ट्रंप, डेमोक्रेटिक राज्यों में जांच का शिकंजा, ईरान से डील पर भी दोटूक

0
8

नई दिल्ली: अमेरिका में मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया है। ट्रंप अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को डेमोक्रेट शासित राज्यों और शहरों में कथित भ्रष्टाचार और अपराध की जांच पर पूरा ध्यान लगाने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने ईरान से कोई समझौता नहीं करने का भी ऐलान किया है।

ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का बड़ा बयान

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, मैंने उपराष्ट्रपति वेंस से कहा है कि वे पूरे अमेरिका में डेमोक्रेट्स के शासन वाले शहरों और राज्यों में हो रहे बड़े पैमाने के भ्रष्टाचार और अपराध पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करें। ट्रंप ने खास तौर पर मिनेसोटा, कैलिफोर्निया और इलिनॉय का नाम लिया। उन्होंने इन राज्यों को खराब प्रशासन वाला, भ्रष्टाचार से भरा और बर्बाद बताया। ट्रंप का दावा है कि इन राज्यों में हर महीने अरबों डॉलर की चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बड़े पैमाने की आपराधिक गतिविधि को रोककर अमेरिका का बजट बहुत जल्द संतुलित किया जा सकता है। ट्रंप ने यहां तक कहा कि डेमोक्रेटिक नेतृत्व के खून में ही भ्रष्टाचार है।

हालांकि, ट्रंप ने अपनी पोस्ट में इन आरोपों के समर्थन में कोई खास मामला, आंकड़ा या जांच का विवरण नहीं दिया। उन्होंने ये भी नहीं बताया कि वेंस इस जांच को किस तरह आगे बढ़ाएंगे।

ईरान से डील से इनकार

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में ईरान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। वे दिन अब बहुत पहले बीत चुके हैं। हमारे पास उनका पैसा है, सैकड़ों अरब डॉलर, और हमारे पास उनका स्ट्रेट भी है। ट्रंप का ये बयान ईरान के साथ बातचीत और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर उनके सख्त रुख को दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास ईरान के सैकड़ों अरब डॉलर और होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण है।

बढ़ेगी राजनीतिक खींचतान?

मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स ने संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल किया है। इससे ट्रंप प्रशासन के फैसलों पर संसदीय निगरानी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में ट्रंप का वेंस को डेमोक्रेट शासित राज्यों में जांच का निर्देश देना अमेरिकी राजनीति में नई खींचतान की शुरुआत कर सकता है। चुनाव के बाद वेंस ने ईरान युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन की एक बड़ी वजह बताया था। अब ट्रंप ने उन्हें घरेलू राजनीति से जुड़ी ये अहम जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, वेंस की ओर से इस निर्देश पर आगे की कार्रवाई को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here