वाराणसी: पैंट में पेशाब करने पर हैवान टीचर ने गर्म चाकू जलाया बच्चे का प्राइवेट पार्ट, FIR दर्ज

0
9
varanasi news
varanasi news

नई दिल्ली: वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में एक प्ले स्कूल में क्लास टीचर द्वारा 5 वर्षीय नर्सरी छात्र के साथ अमानवीय क्रूरता का मामला सामने आया है. बता दें, शिक्षिका ने बच्चे के पैंट में पेशाब कर देने पर गुस्से में उसके निजी अंग को गर्म चाकू से जला दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चा अस्तित्व जायसवाल लालपुर-पांडेयपुर स्थित सेरेन सोनी प्ले स्कूल में पढ़ता है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 

कैसे दिया घटना को अंजाम 

बता दें, 24 जुलाई को घटना के समय बच्चे ने टीचर से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी, लेकिन इजाजत नहीं मिली. इस दौरान कंट्रोल न कर पाने पर बच्चे के पैंट गीला हो गया. इस पर नाराज महिला टीचर ने उसे दूसरे कमरे में ले जाकर गैस पर चाकू गरम किया और उसके प्राइवेट पार्ट पर जलाने की जघन्य घटना को अंजाम दिया.

स्कूल प्रिंसिपल ने दी धमकी 

बच्चा बुरी तरह सहमा हुआ घर पहुंचा और रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तुरंत टीचर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाने से इनकार कर दिया. वहीं इस दौरान जब पीड़ित के पिता, जो एक अधिवक्ता हैं, स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह से बात करने पहुंचे तो उन्होंने सहयोग करने के बजाय धमकी दे डाली. इतना ही नहीं अगले दिन 25 जुलाई को जब परिवार स्कूल गया तो प्रिंसिपल और प्रबंधक ने किसी भी तरह की मदद से साफ मुकर गए.

आरोपी टीचर के खिलाफ केस दर्ज 

घटना के बाद परिवार ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है. बच्चे की गंभीर शारीरिक चोट और मानसिक आघात को देखते हुए पुलिस जल्द ही आरोपी टीचर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है. 

बच्चों की सुरक्षा पर उठा सवाल

इस घटना ने स्थानीय अभिभावकों में आक्रोश पैदा कर दिया है. लोग प्ले स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर सवाल उठा रहे हैं. बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि मानसिक रूप से वह अभी भी सदमे में है. पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं और फिलहाल पूरे मामले की जांच तेजी से चल रही है. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here