नई दिल्ली: किस्मत कब और कैसे पलट जाए, यह कोई नहीं जानता। कुछ ऐसा ही हुआ अमेरिका की एक महिला के साथ, जो सिर्फ लंच ब्रेक पर बाहर निकली थी और वापस लौटी तो उसकी पूरी जिंदगी ही बदल चुकी थी। ऑफिस के तनाव से थोड़ी देर की राहत पाने गई यह महिला करीब 19 करोड़ रुपये से भी ज्यादा यानी 2 मिलियन डॉलर की मालकिन बनकर लौटी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम जीतने के बावजूद महिला ने चुपचाप अपना लंच खत्म किया और वापस ऑफिस पहुंचकर काम में जुट गई, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
महिला की यह अनोखी कहानी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, और लोग उसके इस अनोखे स्वभाव को देखकर हैरान हैं। करोड़ों रुपये की लॉटरी जीतने के बाद भी बिना किसी शोर-शराबे के वह चुपचाप अपनी शिफ्ट पूरी करने ऑफिस चली गई। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में रहने वाली यह महिला ऑफिस में काफी तनाव में थी, जिसके बाद उसने लंच ब्रेक में बाहर निकलकर कुछ खाने का मन बनाया। ऑफिस से बाहर निकलते ही वह एक दुकान पर पहुंची और वहां अपनी किस्मत आजमाने लगी।
19 करोड़ रुपये जीतने के बाद भी नहीं मनाया जश्न
महिला ने ‘लव फूड मार्ट’ नाम की दुकान से 20 डॉलर का “प्लैटिनम 7s” स्क्रैच-ऑफ टिकट खरीदा। जैसे ही उसने कार्ड को खुरचना शुरू किया, उसे यह देखकर यकीन ही नहीं हुआ कि उसने सबसे बड़ा जैकपॉट जीत लिया है। People मैगजीन के मुताबिक, महिला ने इस लॉटरी में पूरे 2 मिलियन डॉलर यानी करीब 19 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जीती। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान उसने कोई जश्न नहीं मनाया, बल्कि टिकट को संभालकर रखा और सीधे ऑफिस पहुंचकर अपनी ड्यूटी पूरी की। इनाम लेते वक्त वर्जीनिया लॉटरी अधिकारियों को महिला ने बताया कि उसे काम पर वापस जाना था और ऐसा दिखाना था जैसे कुछ खास हुआ ही न हो।
पहचान रखी गुप्त
महिला ने प्राइवेसी कानूनों का फायदा उठाते हुए अपनी असली पहचान उजागर नहीं की। इनाम की रकम लेने के लिए उसे दो विकल्प दिए गए थे, पहला यह कि वह अगले 30 सालों तक सालाना किस्तों में पूरे 2 मिलियन डॉलर ले सकती थी, या फिर एकमुश्त नकद भुगतान चुन सकती थी। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने दूसरा विकल्प चुना और टैक्स कटने के बाद उसे 952,000 डॉलर की रकम मिली। इतना ही नहीं, जिस दुकान ने यह लकी टिकट बेचा था, उसे भी विनिंग टिकट बेचने के बदले एक अच्छा बोनस मिला।












