दिल्ली-यूपी समेत 11 राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज: पहाड़ों पर बर्फबारी और कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

0
6

नई दिल्ली: देश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार 23 अक्टूबर के लिए 11 राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है तो दक्षिण भारत में झमाझम बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। सुबह-शाम धुंध छाई रह रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया है और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास है। लगातार तीसरे दिन AQI खराब श्रेणी में है, औसत AQI 222 दर्ज किया गया।

यूपी में दो तरह का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। पश्चिमी यूपी में ठंड बढ़ रही है जबकि पूर्वी यूपी में अभी मौसम शुष्क है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, देवरिया, बांदा और मऊ में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और मथुरा में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, माइनस में पारा

पहाड़ी राज्यों में हालात और सख्त हैं। उत्तराखंड और हिमाचल में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी जारी है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में तापमान माइनस में पहुंच गया है। सुबह के वक्त पारा माइनस 8 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। केदारनाथ में बर्फबारी के बीच भी चारधाम यात्रा जारी है। हिमाचल के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में और गिरावट आ सकती है।

दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश

दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और उत्तर-पूर्वी मानसून की वजह से भारी बारिश हो रही है। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची, उलुंदुरपेट, तिरुपत्तूर और मदुरै में रात से ही भारी बारिश हो रही है, कई इलाकों में जलभराव हो गया है। केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुडुचेरी और ओडिशा में भी अगले 24 घंटे बारिश के लिहाज से अहम हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते में मैदानी इलाकों में ठंड तेजी से बढ़ेगी। दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। अक्टूबर के आखिरी हफ्ते से गुलाबी ठंड की शुरुआत हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here