30 की उम्र में ही इस युवक ने ले लिया रिटायरमेंट, खरीदे 14 फ्लैट और अब बिना नौकरी हर महीने कर रहा लाखों की कमाई

0
6

नई दिल्ली: आज के दौर में जहां लोग नौकरी और बेहतर कमाई के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, वहीं चीन के एक युवक ने 30 साल की उम्र में ही काम से छुट्टी ले ली है। उसने अपनी बचत से 14 फ्लैट खरीदे और अब उनसे मिलने वाले किराये के सहारे जिंदगी गुजार रहा है। हालांकि, उसकी इस सफलता के पीछे एक खास निवेश रणनीति और कई सालों की मेहनत है। इस युवक का नाम फैन जुनजी (Fan Junjie) है। वह चीन के जिलिन का रहने वाला है। नौकरी के लिए वह हुनान प्रांत के चांगशा शहर गया था, जहां इंटरनेट हेल्थकेयर सेल्स के काम में उसे रोजाना करीब 18 घंटे देने पड़ते थे। काम के इस दबाव से परेशान होकर उसने कमाई का दूसरा रास्ता तलाशना शुरू किया।

फैन ने महंगे शहरों में बड़े घर खरीदने के बजाय चांगशा के पुराने इलाकों में छोटे फ्लैट लेने का फैसला किया। यहां कम कीमत पर मकान मिल रहे थे, जिन्हें मरम्मत के बाद किराये पर दिया जा सकता था। कुछ फ्लैट मरम्मत समेत करीब 3 लाख युआन में तैयार हो जाते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 से 2026 के बीच फैन ने कुल 14 फ्लैट खरीदे। इन पर उसने 20 लाख युआन यानी करीब 3 लाख डॉलर से ज्यादा खर्च किए। सभी फ्लैट 30 से 50 वर्ग मीटर के बीच हैं और ज्यादातर काइफू इलाके में स्थित हैं। इनमें से दो फ्लैट उसने अपने पास रखे हैं, जबकि बाकी 12 किराये पर दिए हैं।सबसे सस्ता फ्लैट 1.5 लाख युआन में खरीदा था, जिससे हर महीने 1,700 युआन किराया मिलता है। वहीं, 2.45 लाख युआन वाले महंगे फ्लैट से 2,200 युआन की मासिक कमाई होती है।

किराये से होती है लाखों रुपये की कमाई

फैन के 12 फ्लैट से हर महीने करीब 17,800 युआन किराया आता है। सालभर में यह रकम 2.13 लाख युआन यानी लगभग 25 लाख रुपये से ज्यादा बैठती है। हालांकि, मरम्मत, एजेंट की फीस और मकान खाली रहने के कारण होने वाला नुकसान भी उसकी कमाई को प्रभावित करता है। किरायेदार ढूंढने के लिए वह सोशल मीडिया, प्रॉपर्टी एजेंट और स्थानीय विज्ञापनों का सहारा लेता है। चीनी नए साल के बाद और कॉलेजों का सत्र खत्म होने पर किराये की मांग बढ़ जाती है।

अब दूसरों को निवेश में सावधानी की सलाह

दिलचस्प बात यह है कि फैन अब दूसरे लोगों को देखकर प्रॉपर्टी खरीदने से बचने की सलाह देता है। उसका कहना है कि पहले सस्ते फ्लैट आसानी से मिल जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। खर्च जोड़ने के बाद उसका रिटर्न 11 फीसदी से घटकर 6.6 फीसदी रह गया है। अब वह शेयर बाजार, डिविडेंड देने वाली कंपनियों, बैंक जमा और इंश्योरेंस में भी पैसा लगाने की योजना बना रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here