मुंबई: भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक ‘रामायण’ को लेकर मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी और नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म 100 से भी ज्यादा देशों में 50,000 स्क्रीन्स पर दिखाई जाएगी। मतलब, अब भारत की सबसे पवित्र और प्रिय कहानी पूरी दुनिया बड़े पर्दे पर देखेगी। बता दें, इस फिल्म में रणबीर कपूर राम के रोल में हैं, साई पल्लवी सीता बनी हैं, साउथ के सुपरस्टार यश रावण के किरदार में हैं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे।
अमेरिका में शो हुआ हाउसफुल
कुछ दिन पहले इस फिल्म की झलक अमेरिका के लॉस एंजिलिस में दिखाई गई थी। डेविड गेफेन थिएटर में रखा गया यह शो पूरी तरह से हाउसफुल था। 945 लोगों की क्षमता वाले हॉल में सीटें कम पड़ गई थीं। हॉलीवुड के लोग, विदेशी मीडिया और बड़े-बड़े इन्फ्लुएंसर भी वहां मौजूद थे। फिल्म देखने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी जमकर तारीफ की।
सबने कहा कि फिल्म बहुत ग्रैंड है, इसके VFX और म्यूजिक कमाल के हैं और कहानी को बहुत सम्मान के साथ दिखाया गया है। साई पल्लवी की सुंदरता और एक्टिंग की हर कोई तारीफ कर रहा है, वहीं रणबीर और यश को भी लोगों ने खूब पसंद किया। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने वहां मौजूद लोगों से कहा – जय श्री राम, आप सब रंग-बिरंगे भारतीय कपड़ों में बहुत सुंदर लग रहे हैं, मेरे लिए आज का दिन किसी सपने जैसा है।
दो हिस्सों में आएगी फिल्म
‘रामायण’ दो पार्ट में बन रही है। इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर आएगा। भारत में यह हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी और IMAX में भी देखी जा सकेगी। भारत के बाहर इसे सोनी पिक्चर्स रिलीज करेगी, जबकि नॉर्थ इंडिया में करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस इसे रिलीज करेगी।












