नोएडा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है, जिसमें चप्पे-चप्पे पर खाकी की निगरानी रहेगी। जिले के 146 घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पर्व के दौरान करीब 28 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पीएसी की दो कंपनियां भी मोर्चा संभालेंगी।
नोएडा के संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में इस बार कुल 146 स्थानों पर छठ पर्व का आयोजन किया जाएगा। इनमें प्राकृतिक और कृत्रिम दोनों प्रकार के घाट शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर पुलिस की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। इनमें 13 घाट ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इन संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अधिकारियों ने खुद संभाली कमान
सुरक्षा व्यवस्था को केवल कागजों तक सीमित न रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर रोशनी, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
28 हजार जवानों का सुरक्षा घेरा
छठ पर्व के दौरान जिले में लगभग 28 हजार नागरिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पीएसी की दो कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही से लेकर पूजा संपन्न होने तक सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आस्था के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी
पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि पूर्वांचल और बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े परिवारों का यह महापर्व पूरी श्रद्धा, उल्लास और निर्भय वातावरण में संपन्न हो। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। पुलिस का संदेश साफ है—छठ की आस्था में कोई खलल नहीं, सुरक्षा में कोई चूक नहीं। घाटों पर श्रद्धालुओं की श्रद्धा के साथ खाकी का पहरा भी पूरी मुस्तैदी से कायम रहेगा।
Reported By: Pankaj Rai












