मथुरा:भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने मथुरा आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त हो गया। चिंतन शिविर के समापन के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना हो गए। उनके कार्यक्रम में अचानक हुए बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पहले मुख्यमंत्री को बरसाना में दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद आगरा पहुंचकर फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी।
बरसाना और आगरा जाने का था प्रस्तावित कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फरह के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था। यहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचकर शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर परिजनों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित था। हालांकि, अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव हुआ और मुख्यमंत्री आगरा जाने के बजाय दिल्ली रवाना हो गए।
2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन
मुख्यमंत्री के इस अचानक बदले कार्यक्रम को प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। मथुरा में भाजपा के चिंतन शिविर में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी समीकरणों पर मंथन हुआ। ऐसे में बैठक के तत्काल बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
209 संभावित प्रत्याशियों की कथित सूची ने बढ़ाई चर्चा
राजनीतिक चर्चाओं को उस कथित सूची ने भी हवा दी है, जिसमें दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण में 209 संभावित प्रत्याशियों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे हैं। इन नामों को जिताऊ उम्मीदवारों के तौर पर प्रस्तावित किए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, इस सूची की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी और कुछ नेताओं की ओर से इसे अंतिम प्रत्याशियों की सूची के रूप में प्रचारित किए जाने की चर्चाएं भी सामने आई थीं।
दिल्ली दौरे के उद्देश्य पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
ऐसे में भाजपा के चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली रवाना होना और आगरा का प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त होना सियासी अटकलों को और हवा दे रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के उद्देश्य और वहां प्रस्तावित बैठकों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब राजनीतिक हलकों की निगाहें दिल्ली में होने वाली संभावित गतिविधियों पर टिकी हैं।









