वृंदावन: ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की सफाई व्यवस्था में वर्षों से जुटे कर्मचारियों को 14 माह से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। बकाया भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने जिलाधिकारी सीपी सिंह से मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित फाइल तलब कर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
एजेंसी बदली, लेकिन कर्मचारियों का बकाया वेतन नहीं मिला
मंदिर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा पहले पीएल नाइन एजेंसी के पास था। करीब आठ माह पहले कार्य में शिथिलता के चलते एजेंसी को हटा दिया गया था। इसके बाद सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी राजतिलक कंसल्टेंसी सर्विसेज को सौंप दी गई। एजेंसी बदलने के बाद भी पुरानी एजेंसी के तहत काम करने वाले एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों का बकाया वेतन नहीं मिल सका। कर्मचारी लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
कई वर्षों से मंदिर की सफाई कर रहे कर्मचारी भुगतान को लेकर परेशान
कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से मंदिर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं। एजेंसी बदलने के बाद नई एजेंसी ने उन्हें अपने साथ काम पर रख लिया, लेकिन पुराना बकाया भुगतान अब तक नहीं हुआ। वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले पर मंदिर की पिछली बैठक में भी चर्चा हुई थी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका।
डीएम ने तलब की वेतन संबंधी फाइल, कर्मचारियों को भुगतान की उम्मीद
इसके बाद कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बकाया वेतन दिलाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने उनकी शिकायत सुनने के बाद वेतन से संबंधित फाइल अपने कार्यालय में तलब कर ली है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित भुगतान का रास्ता साफ होगा। अब देखना होगा कि संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से बकाया वेतन के भुगतान को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
Reported By: Prem Kaushik












