पाकिस्तान को 12 प्रांतों में बांटने की तैयारी? आसिम मुनीर के कथित प्लान पर छिड़ा सियासी घमासान

0
2

नई दिल्ली: इस्लामाबाद में इन दिनों एक बड़ा सवाल उठ रहा है, क्या पाकिस्तान का नक्शा बदलने वाला है? यह चर्चा सेना प्रमुख आसिम मुनीर  के नाम से जुड़ रही है। कहा जा रहा है कि यह सिर्फ कागजों पर फेरबदल नहीं है, बल्कि पूरे देश की राजनीति को नए सिरे से लिखने की तैयारी हो सकती है। बात 1947 से चली आ रही व्यवस्था की है। तब से पाकिस्तान में चार ही प्रांत हैं – पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान। अब इन्हीं को तोड़कर नए प्रांत बनाने की बात चल रही है। मकसद बताया जा रहा है कि केंद्र और प्रांतों के बीच सत्ता का बंटवारा नए सिरे से तय हो।

असल दिक्कत आबादी और इलाके के बड़े फर्क में है। पंजाब में अकेले करीब 12.8 करोड़ लोग रहते हैं, यानी देश की लगभग आधी आबादी। दूसरी तरफ बलूचिस्तान सबसे बड़ा इलाका होते हुए भी सिर्फ 1.5 करोड़ लोगों का घर है। इसी असमानता की वजह से काम में देरी, नुमाइंदगी में गड़बड़ और सत्ता के एक जगह सिमटने के आरोप लगते रहे हैं।

प्रांतों को बांटने के क्या-क्या प्रस्ताव हैं

अब जो खाका सामने आ रहा है, उसके मुताबिक प्रांतों की संख्या 12 से 15 तक हो सकती है। एक प्रस्ताव में पंजाब को चार, सिंध को दो और खैबर पख्तूनख्वा व बलूचिस्तान को तीन-तीन हिस्सों में बांटने की बात है। दूसरे प्रस्ताव में पंजाब के तीन टुकड़े, हजारा को अलग करना, बलूचिस्तान के दो हिस्से और कराची या ग्वादर को सीधे केंद्र के हवाले करने की बात कही जा रही है। एक तीसरा रास्ता भी है, प्रांतों को छुए बिना 160 जिलों को ज्यादा ताकत दे दी जाए।

सरकार की दलील क्या है

सरकार की तरफ से दलील दी जा रही है कि इससे लोगों को बेहतर सुविधा, पढ़ाई, इलाज और जवाबदेह सरकार मिलेगी। योजना मंत्री अहसान इकबाल और गृह मंत्री मोहसिन नकवी इस बहस के पक्ष में दिख रहे हैं। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के इशारे से लग रहा है कि 2026 के आखिर तक कोई ठोस प्रस्ताव आ सकता है और 2027 की शुरुआत में इस पर काम शुरू हो सकता है।

सियासी दलों पर क्या असर पड़ेगा

हालांकि मुनीर ने अभी तक कोई आधिकारिक नक्शा सामने नहीं रखा है, लेकिन इस पूरी चर्चा को उनके नेतृत्व वाले सैन्य प्रतिष्ठान से जोड़कर देखा जा रहा है। पाकिस्तान में सीमा बदलना सिर्फ लकीर बदलना नहीं होता, यह सियासी ताकत, जातीय पहचान, पैसा और संवैधानिक हक से जुड़ा होता है। जानकारों को डर है कि छोटे प्रांत बनने से बड़े दलों के गढ़ टूट जाएंगे, खासकर पंजाब में पीएमएल-एन और सिंध में पीपीपी का असर कम हो जाएगा। नए सत्ता-केंद्र बनने से केंद्र को प्रांतों पर ज्यादा पकड़ मिल सकती है। इसलिए लोग पूछ रहे हैं, क्या यह सच में सुधार है या सत्ता को केंद्र में समेटने की चाल है?

संविधान का सबसे बड़ा पेंच

सबसे बड़ा पेंच संविधान का है। अनुच्छेद 239 के तहत इसके लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत के साथ-साथ संबंधित प्रांत की विधानसभा की भी दो-तिहाई मंजूरी चाहिए। इसीलिए सिंध सबसे ज्यादा भड़का हुआ है। 3 सितंबर 2026 को सिंध विधानसभा ने एक मत से प्रांत के बंटवारे का विरोध किया। मुख्यमंत्री मुराद अली शाह और बिलावल भुट्टो-जरदारी ने साफ कहा कि सिंध की अखंडता से कोई समझौता नहीं होगा। उनका कहना है कि कराची और हैदराबाद को जबरन अलग करने से तनाव और हिंसा भड़क सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here