नई दिल्ली: अमेरिका में थैंक्सगिविंग डे की छुट्टियों के बीच आए तेज तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं और बिजली आपूर्ति पर पड़ा है। तूफान के कारण 417 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 1,800 फ्लाइट्स देरी से चलीं। वहीं, 8 लाख से ज्यादा घरों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से हालात बिगड़ गए हैं।
फ्लाइट ट्रैकिंग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार तड़के तक अमेरिका में 417 उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और करीब 1,800 फ्लाइट्स देरी से चल रही थीं। वाशिंगटन और न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं, ऐसे में फ्लाइट्स रद्द होने और देरी से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज हवाओं से गिरे पेड़ और बिजली के खंभे
तूफान के कारण कई राज्यों में 70 मील प्रति घंटे यानी करीब 112 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई जगह पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। इससे 8 लाख से अधिक घरों की बिजली चली गई। मौसम विभाग ने वर्जीनिया, मैरीलैंड, डेलावेयर, न्यूजर्सी, न्यूयॉर्क और न्यू इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की जानकारी दी।
मेसीज थैंक्सगिविंग परेड भी टली
खराब मौसम का असर न्यूयॉर्क की मशहूर मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड पर भी पड़ा। इस बार परेड का 100वां आयोजन होना था, लेकिन तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते इसे स्थगित करना पड़ा। बताया गया कि गंभीर मौसम के कारण इस सालाना परेड की तारीख पहली बार बदलनी पड़ी।
अमेरिका में थैंक्सगिविंग डे हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को मनाया जाता है। यह वहां के प्रमुख त्योहारों में शामिल है। इस दिन लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताते हैं और जीवन में मिली खुशियों के लिए आभार जताते हैं। थैंक्सगिविंग का मतलब ही धन्यवाद देना होता है।












