1146 युवाओं को नौकरी, 4,300 परिवारों को ₹215 करोड़ की सौगात

0
5

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रोजगार और किसान कल्याण को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 11 नवंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में युवाओं और किसान परिवारों को बड़ी सौगात दी। एक ओर सरकारी नौकरी का सपना संजोए बैठे 1146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों के हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 4,300 लाभार्थियों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सरकारी सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और मेहनत प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

नौकरी के साथ जिम्मेदारी का नया अध्याय

राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर चयनित 1,146 युवाओं के लिए यह दिन नई उम्मीदों और नए भविष्य की शुरुआत लेकर आया। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही उनके वर्षों के परिश्रम को नई पहचान मिली। अब ये युवा राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

मुसीबत में किसान परिवारों को 215 करोड़ का सहारा

कार्यक्रम का दूसरा बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण रहा। दुर्घटना के कारण प्रभावित किसान परिवारों के लिए 215 करोड़ रुपये की सहायता किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। कुल 4300 लाभार्थियों को इस योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसका उद्देश्य संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सहारा उपलब्ध कराना है।

रोजगार और किसान सम्मान पर सरकार का जोर

इस आयोजन के जरिए योगी सरकार ने रोजगार सृजन और किसान परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सामने रखा। एक तरफ युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी तरफ दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाकर उन्हें संबल प्रदान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here