मुजफ्फरनगर में सलाखों के पीछे भैयादूज की धूम, भाइयों को तिलक करने जेल पहुंचीं बहनें, जिला कारागार में बहनों की लगी लंबी कतारें

0
7

मुज़फ़्फ़रनगर: जेल की ऊंची दीवारें और सलाखें भी भाई-बहन के रिश्ते के प्यार को नहीं रोक सकीं। बुधवार को भैयादूज के पर्व पर जिला कारागार में भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। जेल में बंद अपने भाइयों को तिलक करने और पर्व मनाने के लिए सुबह से ही बहनों की लंबी कतारें लग गईं। कोई अपने भाई के माथे पर तिलक लगाने पहुंची तो कोई उसके साथ कुछ पल बिताने की उम्मीद लेकर जेल के दरवाजे पर इंतजार करती नजर आई। जेल प्रशासन ने भी इस खास मौके पर मुलाकात की विशेष व्यवस्था की, ताकि कोई बहन अपने भाई से मिले बिना वापस न लौटे।

शिफ्ट वाइज मुलाकात की व्यवस्था

भाई दूज के अवसर पर जिला कारागार में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों से मुलाकात करने पहुंचीं। जेल प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए मुलाकात की व्यवस्था शिफ्ट वाइज की हुई है। इससे बहनों को एक साथ लंबा इंतजार न करना पड़े और वे बारी-बारी से जेल के अंदर जाकर अपने भाइयों से मिल सकें। मुलाकात के दौरान बहनों ने भाइयों को तिलक किया और भैयादूज की शुभकामनाएं दीं। जेल प्रशासन की ओर से बाहर आने वाली महिलाओं के लिए टेंट लगाया गया। पीने के पानी की व्यवस्था की गई। महिलाओं के साथ पहुंचे छोटे बच्चों को बिस्किट और टॉफियां भी वितरित की गईं।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जेल प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने बताया कि भैयादूज के अवसर पर जेल में बंदियों की बहनें उनसे मुलाकात करने पहुंच रही हैं। पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुलाकात को शिफ्ट वाइज इसलिए कराया जा रहा है, ताकि बहनों को बाहर अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े और सभी को अपने भाइयों से मिलने का अवसर मिल सके।

सभी बहनों को मुलाकात का आश्वासन

उन्होंने कहा कि बहनों की सुविधा के लिए बाहर टेंट और पानी सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। अंदर भी मुलाकात के दौरान आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। जेल अधीक्षक ने बताया कि भाई दूज के पर्व को देखते हुए जितनी भी बहनें मुलाकात के लिए आएंगी, सभी को उनके भाइयों से मिलवाया जाएगा। इसके लिए देर तक भी मुलाकात कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में बंद महिला बंदियों के भाई यदि उनसे मिलने आते हैं, तो उनकी मुलाकात भी कराई जाएगी।

Reported by: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here