वर्ल्ड कप 2027 अब इस खास दिन से होगा शुरू, ICC करेगी फेरबदल! जानिए

0
5
World Cup 2027
World Cup 2027

नई दिल्ली: वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) टूर्नामेंट की शुरुआत की तारीख में बदलाव पर विचार कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2027 वर्ल्ड कप का आगाज 2 अक्टूबर 2027 यानी महात्मा गांधी की जयंती के दिन किया जा सकता है. हालांकि, ICC ने अभी इस तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

गांधी जयंती पर शुरुआत की क्यों है चर्चा?

2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया कर रहे हैं. ऐसे में गांधी जयंती के दिन टूर्नामेंट शुरू करने का विचार खास महत्व रखता है. महात्मा गांधी का दक्षिण अफ्रीका से गहरा संबंध रहा था. उन्होंने अपने जीवन के करीब दो दशक वहीं बिताए और इसी दौरान उनके विचारों को नई दिशा मिली.

गांधी शांति और अहिंसा के संदेश के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं. ऐसे में उनके जन्मदिन पर क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में से एक की शुरुआत करना एक प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

पहले 8 अक्टूबर से शुरू होना था टूर्नामेंट

शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार वर्ल्ड कप की शुरुआत 8 अक्टूबर 2027 से होनी थी. इससे पहले 1 से 7 अक्टूबर तक अभ्यास मैच कराने की योजना थी. अब अगर नई योजना को मंजूरी मिलती है तो मुख्य टूर्नामेंट चार्ट में बदलाव किया जाएगा और मुकाबले 2 अक्टूबर से शुरू हो सकते हैं. फिलहाल फाइनल 21 नवंबर 2027 को होने की उम्मीद है. ऐसे में टूर्नामेंट करीब 50 दिनों तक चल सकता है.

तीन देशों में खेले जाएंगे मुकाबले

2027 वर्ल्ड कप के मैच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होंगे. कुल 12 वेन्यू चुने गए हैं. दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग, सेंचुरियन, केपटाउन और डरबन समेत आठ शहरों में मैच होंगे. जिम्बाब्वे के हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स को भी मेजबानी मिली है. नामीबिया का विंडहोक भी टूर्नामेंट का एक प्रमुख केंद्र होगा.

बदला है वर्ल्ड कप का फॉर्मेट

इस बार टूर्नामेंट के फॉर्मेट में भी बदलाव किया गया है. सबसे निचली रैंक वाली तीन टीमें पहले सुपर सीरीज खेलेंगी. इसके बाद विजेता टीम मुख्य प्रतियोगिता में शामिल होगी. 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटकर मुकाबले कराए जाएंगे, जिसके बाद सुपर सेवन, सेमीफाइनल और फाइनल का चरण होगा.

भारत समेत 10 टीमें अब तक क्वालिफाई कर चुकी हैं. बाकी चार टीमों का फैसला क्वालिफायर के जरिए होगा. अगर ICC की नई योजना को मंजूरी मिलती है, तो 2 अक्टूबर से वर्ल्ड कप की शुरुआत एक खास संदेश के साथ होगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here