नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी सहायिका बनने की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। बता दें, राज्य के पांच जिलों में आंगनवाड़ी सहायिका के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिसके लिए 12वीं पास महिला उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकती हैं। खास बात यह है कि भर्ती में किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन कर देना चाहिए। इस भर्ती के लिए कुशीनगर, चित्रकूट, ललितपुर, कानपुर नगर और महाराजगंज में आवेदन मांगे गए हैं। वहीं सभी जिलों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख अलग-अलग निर्धारित की गई है।
किस जिले में कितनी वैकेंसी?
ललितपुर में आंगनवाड़ी सहायिका के 44 पद हैं और आवेदन की आखिरी तारीख 3 सितंबर 2026 है। चित्रकूट में 69 पदों के लिए 5 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। कुशीनगर में सबसे ज्यादा 214 पदों पर भर्ती होनी है, जिसकी अंतिम तारीख 11 सितंबर है। वहीं कानपुर नगर में 307 पदों के लिए 5 सितंबर और महाराजगंज में 141 पदों के लिए 1 सितंबर 2026 तक आवेदन करना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं और अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है। इससे अधिक शैक्षिक योग्यता रखने वाली महिलाएं भी आवेदन कर सकती हैं। उम्मीदवार की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी।इसके अलावा आवेदिका का संबंधित ग्राम सभा या वार्ड का स्थायी निवासी होना जरूरी है। शहरी क्षेत्र के लिए निर्धारित निवास प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज मान्य होंगे।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर जाएं।
यहां ‘Important Links’ में दिए गए ‘Anganwadi Helper New Login’ विकल्प पर क्लिक करें।
नए उम्मीदवार पहले रजिस्ट्रेशन करें और फिर मोबाइल नंबर व पासवर्ड से लॉगिन करें।
इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षिक और निवास संबंधी जानकारी भरें।
फॉर्म भरने के बाद 10वीं-12वीं की मार्कशीट, फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
सभी जानकारी अच्छी तरह जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट जरूर सुरक्षित रखें।












