MPSC परीक्षा पर मचे बवाल के बीच आयोग का बड़ा यू-टर्न, 3 अक्टूबर से होने वाली स्टेट सर्विस मेन परीक्षा अचानक टली

0
11
MPSC
MPSC

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग यानी MPSC ने तीन मुख्य परीक्षाएं आगे बढ़ा दी हैं। साथ ही पिछले साल की कॉपियां दोबारा जांचने का भी फैसला हुआ है। MPSC ने 3 अक्टूबर से शुरू होने वाली स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन 2026 को स्थगित कर दिया है। इसके साथ महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग मेन एग्जामिनेशन 2026 और महाराष्ट्र ग्रुप-बी (नॉन गजटेड) मेन एग्जामिनेशन भी आगे खिसका दी गई हैं। तीनों की नई तारीखें आयोग बाद में बताएगा।

विरोध के बीच आया फैसला

यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब आयोग की परीक्षा व्यवस्था को लेकर उम्मीदवारों का गुस्सा जारी है। ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के कथित पेपर लीक और परीक्षाओं के संचालन पर छात्र सवाल उठा रहे थे। आयोग के मुताबिक कई छात्रों, अभिभावकों, छात्र संगठनों और कुछ निर्वाचित प्रतिनिधियों ने परीक्षा टालने की मांग की थी। इन सबको ध्यान में रखकर ही यह निर्णय लिया गया।

2025 की कॉपियों की दोबारा जांच

आयोग ने स्टेट सर्विस मेन एग्जामिनेशन 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं को दोबारा जांचने का फैसला भी किया है। कई छात्रों और संगठनों ने इनके मूल्यांकन पर आपत्ति जताई थी। आयोग ने माना है कि इस वजह से परीक्षा प्रक्रिया में देरी हो सकती है।

परीक्षा व्यवस्था को परखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता में एक हाईलेवल कमेटी बनाई गई है। कमेटी ने कई उम्मीदवारों और संबंधित लोगों से लंबी चर्चा की है। साथ ही दूसरी जगहों पर अपनाई जा रही बेहतर परीक्षा प्रणालियों का भी अध्ययन हो रहा है। आयोग को उम्मीद है कि कमेटी की सिफारिशें जल्द आ जाएंगी।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने बताया कि उनकी पार्टी ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से परीक्षा स्थगित करने की मांग की थी, जो मान ली गई। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि राज्यपाल MPSC अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग करेंगे। फिलहाल तीनों परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। कॉपियों की दोबारा जांच से 2025 की परीक्षा प्रक्रिया भी लंबी खिंच सकती है। उम्मीदवारों को आयोग की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here