नई दिल्ली: दिल्ली के किलोकरी इलाके में मणिपुर से ताल्लुक रखने वाले रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि घर के बाहर शोर और हंगामा कर रहे कुछ युवकों को शांत रहने के लिए कहना बुजुर्ग को भारी पड़ गया. विवाद के बाद आरोपियों ने उनके घर तक पीछा किया और उनके साथ मारपीट की. मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है.
कूड़ा डालने निकले थे, युवकों से हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सी. विक्रम सिंह रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे अपने घर से कूड़ा डालने के लिए नीचे आए थे. इसी दौरान वहां कुछ युवक शोर-शराबा कर रहे थे. सिंह ने उन्हें हंगामा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई.
विवाद बढ़ने पर विक्रम सिंह वापस अपने घर चले गए, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया. घर के पास पहुंचकर युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी.
बेटे के पहुंचने तक फरार हो गए आरोपी
मारपीट की आवाज सुनकर विक्रम सिंह का बेटा मौके पर पहुंचा. उसे देखकर आरोपी वहां से भाग निकले. इसके बाद बेटे ने गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई.
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भरत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन विश्वकर्मा, विजय और मन्नू को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा एक किशोर को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग ढाबों में काम करते हैं और कुछ सामान पहुंचाने का काम भी करते हैं.
छात्र संगठन ने जताया विरोध
‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी’ ने विक्रम सिंह की मौत पर दुख और आक्रोश जताया है. संगठन ने उन्हें सम्मानित मणिपुरी संगीतकार बताते हुए घटना की कड़ी निंदा की. संगठन ने पुलिस और प्रशासन से मामले की तेज, निष्पक्ष और पूरी जांच करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.












