नई दिल्ली: सितंबर के दूसरे सप्ताह में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है. मौसम में हो रहे बदलाव के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 सितंबर के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, 21 से ज्यादा राज्यों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.
इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है. मौसम में बदलाव के पीछे अलग-अलग मौसमी सिस्टम और चक्रवाती परिसंचरण को प्रमुख कारण माना जा रहा है. इन सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां आगे भी जारी रह सकती हैं.
दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी दिल्ली में बुधवार को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. तापमान में पिछले दिनों की तुलना में नरमी देखने को मिल रही है. हालांकि, राजधानी के लिए फिलहाल कोई बड़ा बारिश का अलर्ट नहीं है. दिनभर बादल छाए रहने से धूप का असर कम रह सकता है.
यूपी-बिहार में बारिश का जोर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना ज्यादा बनी हुई है. पूर्वी यूपी और बिहार के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है. बिहार में कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी है. झारखंड में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है.
पहाड़ों पर भी बरसेगा पानी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 9 सितंबर को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 10 सितंबर को पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है. उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत में भी अलर्ट
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. तटीय इलाकों में जोरदार बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में फिलहाल गर्मी और उमस परेशान कर सकती है. मौसम विभाग ने समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.












