चंडीगढ़: पंजाब के बरनाला में देर रात पंजाबी सिंगर और गीतकार गुलाब सिद्धू के घर के बाहर फायरिंग से हड़कंप मच गया। बता दें, घटना गांव फरवाही की बताई जा रही है, जहां बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनके घर के मुख्य गेट पर कई राउंड गोलियां चलाई। इस दौरान शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 7 से 8 गोलियां दागी गईं। राहत की बात यह रही कि उस समय घर में मौजूद परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई।
कब हुई ये घटना
घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि तीनों हमलावर मोटरसाइकिल पर पहुंचे थे और उनके चेहरे ढके हुए थे। कुछ ही देर में उन्होंने घर के गेट पर फायरिंग शुरू कर दी और वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए। गोलीबारी के बाद गेट पर गोलियों के निशान भी दिखाई दिए। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तीन युवक बाइक पर नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहा युवक पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहा था, जबकि पीछे बैठे दो युवकों ने फायरिंग की। हालांकि, पुलिस ने अभी फुटेज से जुड़ी सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गनीमत की बात ये रही कि घटना के वक्त गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। वह अपने कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश में हैं। पंजाबी संगीत जगत में गुलाब सिद्धू को दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला का करीबी बताया जाता है। मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसमें डोनी बल नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में गुलाब सिद्धू पर मूसेवाला के नाम का फायदा उठाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इस ऑडियो या किसी गैंग के हमले में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गुलाब सिद्धू को पहले धमकियां और रंगदारी की मांग मिलने की बात भी सामने आई थी। पंजाब पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मी तैनात किए थे। जनवरी में पुलिस ने एक सरपंच समेत तीन लोगों को कथित तौर पर गुलाब सिद्धू पर हमले की साजिश और रंगदारी गिरोह से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। वहीं बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे किसका हाथ है, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा।












