लखनऊ: उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार में धोखा खाई एक लड़की को उसके ही पार्टनर ने कार से कुचलने की कोशिश की। जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे देखकर लोगों में गुस्सा भर गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम शाहनवाज है, जबकि पीड़िता का नाम अनामिका बताया जा रहा है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और यश ठाकुर के नाम से अनामिका के साथ रिश्ता बनाया। जब अनामिका को इसकी सच्चाई पता चली, तो मामला बिगड़ गया।
पार्क के पास हुई मुलाकात, फिर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अनामिका सुबह-सुबह चाय पीने जनेश्वर मिश्र पार्क के पास पहुंची थी। इसी दौरान शाहनवाज भी अपनी नई गर्लफ्रेंड के साथ वहां चाय की दुकान पर आया। पुरानी पार्टनर को अचानक वहां देखकर अनामिका ने उसे रोकने की कोशिश की, और इसी बीच उसे पता चला कि सामने खड़ा शख्स यश नहीं बल्कि शाहनवाज है। उसने तुरंत धोखे का आरोप लगाते हुए सवाल-जवाब शुरू किए।]
चश्मदीदों के मुताबिक, अनामिका स्कूटी से वहां पहुंची थी और सड़क पर खड़ी कार को रोकने की कोशिश कर रही थी। आरोप है कि शाहनवाज ने अचानक कार तेजी से आगे बढ़ा दी, जिससे अनामिका कार की बोनट से चिपककर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को रोकने के लिए आवाजें लगाईं और कार पर पत्थर भी फेंके, लेकिन शाहनवाज नहीं रुका और फरार हो गया। चश्मदीदों का कहना है कि लड़की को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटा गया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपी शाहनवाज को ढूंढने में जुटी है। पीड़िता अनामिका को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया है, जहां उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है।












