पटना: बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के तरैटा बहियार स्थित पोखर में डूबने से छह मासूम बच्चों की जान चली गई। सोमवार को जहां पूरे क्षेत्र में करमा-धरमा पर्व की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। त्यौहार के पावन अवसर पर पूजा की तैयारी के दौरान हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवारों की खुशियों को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया।
स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
कर्मा-धर्मा पूजा से पहले वार्ड 27 के दुधैला विष्णु टोला में बच्चे तरैटा बहियार पोखर में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में डूबने लगा।
उसे बचाने के लिए बाकी बच्चे भी एक-दूसरे का हाथ थामकर आगे बढ़े, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। देखते ही देखते सभी छह बच्चे गहरे पानी में समा गए और दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजनों में चीख-पुकार
जैसे ही बच्चों के डूबने की खबर गांव में फैली, परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। भारी संख्या में लोग पोखर की ओर दौड़े और बिना समय गंवाए स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
अलग-अलग परिवारों के थे सभी मृत मासूम
इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की उम्र लगभग 12 वर्ष के आसपास बताई जा रही है और ये सभी दुधैला विष्णु टोला के अलग-अलग परिवारों के चिराग थे। मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी (मिंकी) कुमारी, पूजा कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। एक ही टोले से छह मासूमों के शव एक साथ उठने पर हर आंख नम हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस-प्रशासनिक टीम परिजनों को सांत्वना देने के साथ-साथ पूरी घटना के तकनीकी पहलुओं की जांच में जुट गई है, ताकि हादसे के सटीक कारणों का स्पष्ट ब्योरा जुटाया जा सके।












