नई दिल्ली: जिस रूबिक क्यूब को सुलझाने में बड़े-बड़ों को घंटों और यहां तक की कई दिन भी लग जाते हैं, उसे चीन की 6 साल की बच्ची ने कुछ सेकंड में हल करके सबको हैरान कर दिया है। बता दें, चेंगदू की रहने वाली लियान युनझी, जिसे प्यार से झिझी भी कहा जाता है, उसने 3×3 रूबिक क्यूब में चंद सेकंड में सोल्व करके महिला वर्ग का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
एक नहीं दो-दो जगह तोड़ा रिकार्ड
चीनी सरकारी चैनल CCTV की रिपोर्ट के मुताबिक, लियान ने इसी महीने वुहान और ग्वांगझू में हुई दो बड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। जिन दोनों प्रतियोगिताओं को वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त थी। दोनों ही जगह उन्होंने महिला 3×3 एवरेज का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। रूबिक क्यूब प्रतियोगिता में खिलाड़ी को एक ही क्यूब को पांच बार सुलझाना होता है और फिर उसका औसत समय निकाला जाता है। लियान ने एक प्रतियोगिता में 4.52 सेकंड और दूसरी में 4.27 सेकंड का औसत निकाला। इसी के साथ वह 4.5 सेकंड से कम औसत बनाने वाली दुनिया की पहली महिला स्पीडक्यूबर बन गई हैं।
CCTV के वीडियो में नन्हीं लियान लाल हेयरबैंड लगाए बेहद तेजी से क्यूब घुमाती दिख रही हैं। क्यूब पूरा होते ही वह उसे टेबल पर रखकर तालियां बजाती हैं और खुशी में मुट्ठी बांधकर हवा में उछालती हैं। यही वजह है कि उनकी क्यूटनेस और स्पीड ने सभी का दिल जीत लिया है।
कैसे हुआ रूबिक से प्यार
लियान की मां लिन यांग्शी ने बताया कि बेटी की पहली मुलाकात रूबिक क्यूब से एक क्लास के दौरान हुई थी। उस वक्त वह डांस और म्यूजिक भी सीख रही थी। बाद में मां को लगा कि यह गेम बच्चों के दिमाग के लिए बहुत फायदेमंद है, इसके बाद लियान ने इस पर फोकस करना शुरू कर दिया। आज 6 साल की लियान 1300 से ज्यादा एल्गोरिदम याद कर चुकी है और रोजाना 2 से 3 घंटे प्रैक्टिस करती है। घर में उसकी जीती हुई कई ट्रॉफियां सजी हुई हैं।
मां का कहना है कि रूबिक क्यूब सिर्फ तेज हाथों का खेल नहीं है। इससे बच्चों का फोकस, याददाश्त और लॉजिकल सोचने की क्षमता बेहतर होती है। यह सिर्फ फॉर्मूले याद करना नहीं, बल्कि सही रास्ता सोचकर निकालने की पहेली है। वहीं छोटी बच्ची ये शानदार जीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।












