नई दिल्ली: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में 11वां दिन भारत के लिए शानदार रहा। मंगलवार को भारतीय एथलीटों ने तीन पदक अपने नाम किए, जिसमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 48 हो गई है। भारत ने अब तक 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज जीते हैं और वह मेडल टेबल में 12वें स्थान पर बना हुआ है।
नीरू ढांडा ने बनाया रिकॉर्ड, जीता गोल्ड
भारत के लिए दिन की सबसे बड़ी खबर शूटिंग रेंज से आई। महिला ट्रैप इवेंट में नीरू ढांडा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं। फाइनल में नीरू ने जबरदस्त निशाना लगाया और नया एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। 30 शॉट्स के फाइनल में उन्होंने 28 निशाने सही लगाए। चीन की सुन युनोंग 26 हिट के साथ दूसरे नंबर पर रहीं और सिल्वर से संतोष करना पड़ा, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक को ब्रॉन्ज मिला।
From aiming at tin cans in Haryana to hitting the bullseye of history at the Asian Games, Subedar Neeru Dhanda’s journey is the stuff of inspiration! 🇮🇳🥇
Becoming the first Indian woman to win an individual #AsianGames2026 Gold in Trap shooting, while also securing a Team… pic.twitter.com/bsdVXat4YU
— Smriti Z Irani (@smritiirani) September 29, 2026
महिला ट्रैप टीम ने दिलाया सिल्वर
नीरू के गोल्ड के साथ ही महिला ट्रैप टीम ने भी देश को सिल्वर मेडल दिलाया। नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की तिकड़ी ने कुल 328 अंक जुटाए। चीन की टीम 346 अंकों के साथ गोल्ड ले गई, जबकि कुवैत तीसरे स्थान पर रहा। इतना ही नहीं बॉक्सिंग में भी भारत को एक पदक मिला। पुरुषों के 90 किलो वर्ग में नरेंद्र बेरवाल को सेमीफाइनल में हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। उन्हें मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन आइबेक ओरलबे ने 5-0 से हराया।
गोल्ड से एक कदम दूर परवीन और अंकुश
मुक्केबाजी में भारत के लिए दो और अच्छी खबरें सामने आई हैं। बता दें, परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल ने फाइनल में जगह बना ली है और गोल्ड से सिर्फ एक जीत दूर हैं। परवीन हुड्डा ने 65 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की ली शू को 5-0 से एकतरफा हराया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय महिला बॉक्सर बन गई हैं। उनसे पहले एमसी मैरी कॉम और लवलीना बोरगोहेन यह कारनामा कर चुकी हैं। वहीं, पुरुषों के 80 किलो वर्ग में अंकुश पंघाल ने शानदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान के फजलुद्दीन एरकिनबोएव को 4-1 से मात दी। एरकिनबोएव 75 किलो वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।












