नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड, ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम ने पांच कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और ठिकानों से 100 ग्राम एमडीएमए, 61 ग्राम स्मैक और 3.816 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद एमडीएमए वाणिज्यिक मात्रा में है। कार्रवाई के दौरान 42,540 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, खाली पुड़िया, दो मोबाइल फोन तथा एक ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड को सूचना मिली थी कि करण उर्फ नितिश और निखिल सब्जी मंडी और गाजीपुर- कल्याणपुरी इलाके में गांजे की पुड़िया बेच रहे हैं। 25-26 सितंबर की दरमियानी रात टीम ने गाजीपुर सब्जी मंडी में जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में करण के पास से 61 ग्राम स्मैक और निखिल के कब्जे से 2.532 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ और पुलिस जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपने स्रोत के रूप में ऋषि गुप्ता उर्फ राहुल उर्फ आकाश का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज की। 27-28 सितंबर की दरमियानी रात मंडावली के उत्तरी स्कूल ब्लॉक में छापेमारी कर पुलिस ने कथित स्रोत ऋषि गुप्ता के साथ उसके सहयोगियों प्रेम सिंह और कुणाल मोर्या को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक इनके कब्जे और मकान की तलाशी से 100 ग्राम एमडीएमए, 1.284 किलोग्राम गांजा, 42,540 रुपये की नकदी, खाली पुड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, दो मोबाइल फोन तथा एक ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियार की बरामदगी के मामले में मधु विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से एफआईआर दर्ज की गई है।
छोटी पुड़िया में बड़ा कारोबार
जांच में पुलिस का आरोप है कि ऋषि गुप्ता अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एमडीएमए और गांजा हासिल करता था और फिर करण तथा निखिल के माध्यम से इन्हें छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर सब्जी मंडी और कल्याणपुरी इलाके में बेचवाता था। पुलिस के अनुसार खाली पुड़ियों और इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल नशीले पदार्थों को तौलकर पैक करने के लिए किया जाता था, जबकि मोबाइल फोन का इस्तेमाल कथित तौर पर ग्राहकों से संपर्क और सौदेबाजी के लिए किया जाता था।
आरोपियों का पुलिस रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा
पुलिस के अनुसार करण उर्फ नितिश उम्र 26 वर्ष गाजियाबाद का रहने वाला है और उसकी शिक्षा 11वीं तक है। उसके खिलाफ पहले एक आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज बताया गया है। निखिल उम्र 28 वर्ष गाजियाबाद निवासी है और 9वीं तक पढ़ा है, उसके खिलाफ एक चोरी का मामला बताया गया है।
ऋषि गुप्ता उर्फ राहुल उर्फ आकाश उम्र 22 वर्ष मंडावली निवासी है और 11वीं तक पढ़ा है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में 12 मामले दर्ज रहे हैं और वह हत्या के मामले में दोषसिद्ध हो चुका है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट लूट और हत्या के प्रयास समेत अन्य मामलों में संलिप्तता भी बताई गई है। प्रेम सिंह उम्र 22 वर्ष, मंडावली निवासी और कुणाल मोर्या, उम्र 25 वर्ष, बुरहानपुर मध्य प्रदेश निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ पूर्व में कोई मामला दर्ज नहीं था।
पूर्वी जिला पुलिस के उपायुक्त राजीव कुमार ने कहा कि नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस स्थानीय और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी हो तो 112 नजदीकी पुलिस स्टेशन या मानस हेल्पलाइन 1933 पर सूचना दें।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस पूरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम शामिल रही। टीम में एसआई विकास, एसआई सविता, एसआई देवेंद्र, एएसआई अरुण, एचसी देवेश, एचसी प्रदीप शर्मा, एचसी अमित कसाना, एचसी अशोक, एचसी विक्रांत, एचसी विवेक, एचसी लखन, एचसी हरेंद्र, डब्ल्यू/एचसी अनामिका और कांस्टेबल कौशल शामिल थे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अरुण कुमार प्रभारी एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने किया जबकि एसीपी ऑपरेशंस ईस्ट अमनदीप कौर के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।











