नई दिल्ली: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने अब सुरक्षा की जिम्मेदारी का दायरा और मजबूत करने की पहल की है। सार्वजनिक स्थानों, खासकर पार्कों में महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वी जिला पुलिस ने प्रहरी योजना के तहत जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में निजी सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी बनाते हुए उन्हें सतर्कता, जिम्मेदारी और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल का पाठ पढ़ाया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम पूर्वी जिला सृष्टि पांडेय के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग प्रकोष्ठ ने थाना पांडव नगर के समन्वय से यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पूर्वी जिले के विभिन्न पार्कों में तैनात निजी सुरक्षा गार्डों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनकी सतर्क नजर किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने में मददगार साबित हो सकती है।
संदिग्धों पर नजर, खतरे पर तुरंत कार्रवाई
कार्यक्रम में सुरक्षा गार्डों को संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाओं को रोकने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल उचित कदम उठाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि पार्कों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा केवल वर्दी या ड्यूटी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। निजी सुरक्षा गार्डों की सक्रियता और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं और बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है।
पुलिस और जनता की साझेदारी पर जोर
इस अवसर पर एसीपी/सीएडब्ल्यू सेल, एसीपी/मयूर विहार, एसएचओ/थाना पांडव नगर, ब्रावो/थाना पांडव नगर, पुलिसकर्मी तथा पूर्वी जिला की शिष्टाचार टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने सुरक्षा गार्डों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाने, सतर्क रहने और किसी भी शिकायत या आपात स्थिति में संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रहरी योजना इसी सोच को मजबूत करते हुए पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग की कड़ी को और मजबूत कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai












