नई दिल्ली: महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं! राजधानी में महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों ने पार्कों में विशेष पैदल गश्त अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल निगरानी करना नहीं, बल्कि महिलाओं और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना पैदा करना भी है।
डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में पैदल गश्त
उत्तर-पश्चिम जिला डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में इस विशेष अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने पार्कों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों में पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ वहां मौजूद महिलाओं, युवतियों और अन्य नागरिकों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।
महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा और हेल्पलाइन अपील
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की इस पहल से महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी भय के आने-जाने और अपने दैनिक कार्य करने का भरोसा मिला। पुलिस का प्रयास है कि पार्कों सहित सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित वातावरण बना रहे और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। दिल्ली पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस की सहायता लें। महिला हेल्पलाइन नंबर 1091और आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
Reported By: Pankaj Rai












