फर्जी SIM लेना पड़ा महंगा, अब दूसरे के नाम पर सिम लिया तो होगी 3 साल की जेल, 50 लाख जुर्माना

0
6

नई दिल्ली: आज के समय में SIM कार्ड सिर्फ कॉल करने का जरिया नहीं है। आपका बैंक अकाउंट, UPI, OTP और कई जरूरी सरकारी व प्राइवेट सेवाएं आपके मोबाइल नंबर से लिंक हैं। ऐसे में अगर आपका सिम गलत हाथों में चला जाए या आपके नाम पर कोई दूसरा सिम निकाल ले, तो बड़ी मुसीबत खड़ी हो सकती है। इसी को लेकर टेलीकॉम विभाग (DoT) ने सितंबर 2026 में लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने साफ कहा है कि फर्जी तरीके से सिम लेना और किसी और की पहचान पर टेलीकॉम कनेक्शन का इस्तेमाल करना गंभीर अपराध है और इसके लिए सख्त सजा हो सकती है।

क्या कहता है नया टेलीकॉम कानून?

नए टेलीकम्युनिकेशन एक्ट, 2023 की धारा 42(3)(e) के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति धोखाधड़ी करके या किसी दूसरे की पहचान का इस्तेमाल कर सिम हासिल करता है, तो उस पर कार्रवाई तय है। इस अपराध में 3 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। हालांकि यह अधिकतम सजा है, हर केस में इतना ही जुर्माना लगेगा, ऐसा नहीं है। कोर्ट मामले की गंभीरता देखकर फैसला लेगा।

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई आपके आधार या अन्य दस्तावेज का गलत इस्तेमाल करके आपके नाम पर सिम एक्टिवेट करा लेता है और जांच में यह फ्रॉड साबित हो जाता है, तो यह सीधे कानून के दायरे में आएगा।

मदद करने वाले भी नहीं बचेंगे

वहीं, कानून सिर्फ सिम लेने वाले को ही नहीं, बल्कि इसमें मदद करने वालों को भी नहीं छोड़ेगा। एक्ट की धारा 42(6) कहती है कि अगर कोई इस तरह के अपराध में मदद करता है, उकसाता है या साजिश रचता है और उसके कारण अपराध होता है, तो मदद करने वाले को भी सजा मिलेगी।

आपको क्या करना चाहिए?

DoT ने लोगों को सलाह दी है कि वे समय-समय पर अपने नाम पर चल रहे मोबाइल नंबरों की जांच करते रहें। इसके लिए आप संचार साथी पोर्टल (sancharsaathi.gov.in) या उसका ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं। इस पोर्टल पर जाकर आप देख सकते हैं कि आपके नाम पर कितने सिम एक्टिव हैं। अगर लिस्ट में कोई ऐसा नंबर दिखे जो आपने नहीं लिया है, तो उसे तुरंत रिपोर्ट करें और बंद कराने की रिक्वेस्ट डालें। सिम कार्ड को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। अपने दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें और अपने नाम पर जारी नंबरों पर नजर बनाए रखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here