हरियाणा: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम में आयोजित 10वीं सीनियर नेशनल गतका चैंपियनशिप में हरियाणा प्रदेश को बड़ा सम्मान मिला है। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में कांग्रेस परिसंघ के प्रदेश महासचिव टीटू गिल को गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। ओपनिंग सेरेमनी से लेकर मेडल सेरेमनी तक उन्हें मंच पर सम्मान दिया गया, जिसे उन्होंने पूरे हरियाणा के लिए गौरव की बात बताया।
हरियाणा के खिलाड़ियों ने विभिन्न कैटेगरी में जीते पदक
पत्रकारों से बातचीत करते हुए टीटू गिल ने बताया कि इस नेशनल चैंपियनशिप में देशभर से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है, लेकिन हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने फ्री-सोटी, सिंगल सोटी, फर्री-सोटी सहित विभिन्न कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए हैं।
बेटी ने फ्री-सोटी में जीता सिल्वर मेडल
उन्होंने बताया कि यह उनके लिए दोहरी खुशी का मौका है। एक तरफ उन्हें अतिथि के रूप में सम्मान मिला, वहीं दूसरी तरफ उनकी बेटी ने भी इस चैंपियनशिप में शानदार खेल दिखाते हुए फ्री-सोटी इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया है। टीटू गिल ने कहा कि यह सब गतका एसोसिएशन हरियाणा की मेहनत का नतीजा है। एसोसिएशन द्वारा गांव-गांव जाकर बच्चों को इस पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट से जोड़ने का जो अभियान चलाया जा रहा है, उसका असर अब नेशनल लेवल पर दिखने लगा है।
गतका संस्कृति की पहचान, युवाओं को मिला सकारात्मक संदेश
उन्होंने कहा कि गतका आज सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की पहचान बन चुका है। फतेहाबाद जिले सहित पूरे हरियाणा के युवा अब इस खेल से जुड़ रहे हैं, जो नशे से दूर रहकर खेलों की ओर बढ़ने का एक अच्छा संदेश है। अंत में उन्होंने गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया और गतका एसोसिएशन हरियाणा का आभार व्यक्त किया।












