एयरपोर्ट के वॉशरूम में दिखा गजब का जुगाड़, बिना छुए चलेंगे नल और खुलेंगे दरवाजे, वीडियो वायरल

0
5

नई दिल्ली: मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिल रही आधुनिक सुविधाएं इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के टर्मिनल 2 में बने टचलेस वॉशरूम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे इंस्टाग्राम पर @the.kaur_ नाम के हैंडल ने शेयर किया है। वीडियो में सेंसर वाले नल और बिना हाथ लगाए खुलने वाले दरवाजे दिख रहे हैं। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर यह सिस्टम काम कैसे करता है।

बिना छुए ही चलता है नल

इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत इसका ऑटोमैटिक सिस्टम है। नल चलाने के लिए आपको कोई हैंडल घुमाने या बटन दबाने की जरूरत नहीं। जैसे ही आप हाथ नल के नीचे लाते हैं, सेंसर आपकी मौजूदगी पहचान लेता है और पानी अपने आप बहने लगता है। हाथ हटाते ही पानी बंद हो जाता है। इससे न सिर्फ हाथों को बार-बार नल छूना नहीं पड़ता, बल्कि पानी की बर्बादी भी रुकती है।

बिना हाथ लगाए खुलते हैं दरवाजे

इस वॉशरूम का दूसरा खास फीचर है टच-फ्री दरवाजा सिस्टम। कई जगह मोशन सेंसर लगे हैं, जिससे दरवाजे अपने आप खुल जाते हैं। कुछ जगह पैर से ऑपरेट होने वाले सिस्टम से दरवाजा खोला जा सकता है। एयरपोर्ट जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर जहां रोज हजारों यात्री आते हैं, वहां यह सुविधा स्वच्छता बनाए रखने में काफी मददगार है।

बड़े अपग्रेड प्लान का हिस्सा है ये बदलाव

मुंबई एयरपोर्ट पर ये बदलाव वॉशरूम आधुनिकीकरण प्रोजेक्ट का हिस्सा है। अप्रैल 2025 में मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने AERA के सामने 41 पैसेंजर वॉशरूम ब्लॉक्स को रिनोवेट करने का प्रस्ताव रखा था। इसका मकसद पुरानी और खराब हो चुकी फिटिंग्स और प्लंबिंग को बेहतर बनाना था।

इसके साथ ही पानी बचाने के लिए वॉटरलेस यूरिनल, टैप एरेटर्स और फ्लो रिड्यूसर जैसे उपाय भी अपनाए जा रहे हैं। ट्रीट किए गए पानी को दोबारा फ्लशिंग, कूलिंग और पौधों की सिंचाई में इस्तेमाल किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर सामने आई प्रतिक्रिया

वायरल वीडियो पर लोगों की राय बंटी हुई है। कई यूजर्स ने इसे शानदार और हाइजीनिक पहल बताया है। वहीं कुछ का कहना है कि सिर्फ तकनीक लगा देने से सफाई नहीं आएगी, बल्कि नियमित सफाई और मेंटेनेंस भी जरूरी है। कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि पहली बार आने वाले यात्रियों के लिए इन सिस्टम को इस्तेमाल करने के निर्देश भी लगाने चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here