यमन में बढ़ा युद्ध का खतरा, हूतियों के खिलाफ सऊदी की जंग में पाकिस्तान की एंट्री, 4 प्लेन में भेजे हथियार

0
5

नई दिल्ली: हूती विद्रोहियों के खिलाफ चल रही जंग में अब पाकिस्तान भी खुलकर सामने आ गया है। पाकिस्तान ने सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार को बड़े पैमाने पर हथियारों की सप्लाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर महीने में पाकिस्तान के चार कार्गो विमान हथियार लेकर यमन के अदन शहर में उतरे थे।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह हथियारों की खेप ऐसे समय में भेजी गई है जब हूती विद्रोही सऊदी अरब और यमन सरकार पर लगातार हमले कर रहे हैं। पाकिस्तानी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि इस्लामाबाद ने अदन में एयर डिफेंस सिस्टम, हल्की तोपें, ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम पहुंचाए हैं। इतना ही नहीं, पाकिस्तानी सैन्य सलाहकार भी सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर यमनी सैनिकों को ट्रेनिंग और रणनीति में मदद कर रहे हैं।

यमन में बड़े ऑपरेशन की तैयारी

बताया जा रहा है कि हूतियों को लाल सागर तट से हटाने के लिए यमन में एक बड़े सैन्य अभियान की तैयारी चल रही है। इस ऑपरेशन में सऊदी समर्थित यमन सेना के करीब 1 लाख सैनिकों के शामिल होने की संभावना है, जिसमें सऊदी अरब हवाई हमलों से मदद करेगा। पाकिस्तान द्वारा हथियार भेजना इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

सऊदी अरब में तैनात हैं हजारों पाकिस्तानी सैनिक

इसी हफ्ते आई एक और रिपोर्ट ने चौंकाने वाला दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय सऊदी अरब में पाकिस्तान के 30 से 40 हजार सैनिक तैनात हैं, जो हूती हमलों को रोकने में सऊदी सेना की मदद कर रहे हैं। पाकिस्तान ने सऊदी के अंदर भी दो कार्गो विमानों के जरिए एयर डिफेंस सिस्टम भेजे हैं ताकि हूती ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोका जा सके।

ताइज में तेज हुई लड़ाई

दूसरी तरफ, यमन में जमीनी हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। हूती विद्रोहियों ने अपना हमला तेज कर दिया है। ताइज शहर के आसपास भीषण लड़ाई चल रही है। गुरुवार को हूतियों ने एक अहम पुल को उड़ा दिया, जो ताइज के सरकारी नियंत्रण वाले इलाके को अदन से जोड़ता था। यदि हूती ताइज पर कब्जा कर लेते हैं तो वे अदन बंदरगाह को उत्तर में मौजूद यमन सरकार के इलाकों से पूरी तरह काट देंगे, जो सऊदी गठबंधन के लिए बड़ा झटका होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here