वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के मामले में एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। नए वीडियो में रसिक दुलारी शरण दूसरी से चौथी मंजिल की ओर सीढ़ियों से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज सुबह करीब 10:15 बजे का बताया जा रहा है। वह सीढ़ियों पर धीरे-धीरे चढ़ते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके कपड़ों पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद से घटना से जुड़े लगातार नए सीसीटीवी फुटेज सामने आ रहे हैं। नए वीडियो ने मामले की जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है। फुटेज में वह सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, उनके कपड़ों पर खून के निशान कैसे आए और उस समय उनके साथ क्या हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
नए फुटेज के बाद हत्या या आत्महत्या की गुत्थी और उलझी
रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पहले से ही कई सवाल उठ रहे हैं। अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज के बाद हत्या और आत्महत्या के बीच की गुत्थी और उलझती नजर आ रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को अहम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही रसिक दुलारी शरण की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।












