नोएडा: साइबर ठगों ने ऑनलाइन खरीदारी और ऑर्डर रिटर्न की सुविधा को ठगी का हथियार बना लिया है। शातिरों ने एक महिला को ऑनलाइन ऐप पर ऑर्डर वापस करने के नाम पर अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 3 लाख 94 हजार 999 रुपये उड़ा लिए। लेकिन इस साइबर वारदात के बाद थाना सेक्टर-39 की साइबर टीम ने ऐसा मोर्चा संभाला कि ठगों के मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस के लगातार प्रयासों से पीड़िता की पूरी रकम वापस करा दी गई।
ऑर्डर रिटर्न के नाम पर 3.95 लाख की ठगी
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 में लिखित शिकायत देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन ऐप पर ऑर्डर रिटर्न कराने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। आरोपी ने इस बहाने उसके बैंक खाते से कुल 3,94,999 रुपये निकाल लिए थे।
पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम ने संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर रकम वापस कराने के लिए आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की। लगातार की गई निगरानी, प्रभावी पैरवी और पुलिस के अथक प्रयास आखिरकार रंग लाए और पीड़िता की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक उसके खाते में वापस करा दी गई।
पीड़िता ने साइबर टीम का जताया आभार
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 की साइबर पुलिस टीम का आभार जताते हुए उनके कार्य की सराहना की। साइबर ठगों को संदेश साफ है कि धोखाधड़ी की रकम पर पुलिस की नजर है और पीड़ितों की मेहनत की कमाई वापस दिलाने का संकल्प बरकरार है।












