Flydubai फ्लाइट अटैक पर ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- 'मुझे व्यक्तिगत तौर पर लगता है ईरान इसके पीछे है'

0
6

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Flydubai की फ्लाइट में हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर लगता है कि इस घटना के पीछे ईरान की भूमिका हो सकती है। हालांकि, यह ट्रंप का निजी आकलन है और मामले की जांच अभी जारी है।

व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि Flydubai विमान पर हुए हमले के लिए ईरान जिम्मेदार है। इस पर उन्होंने सीधे कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानते हैं। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब कई देशों की एजेंसियां हमले के पीछे की वजह और संभावित कनेक्शन की जांच कर रही हैं।

फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था?

यह घटना 30 सितंबर को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में हुई थी। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर हमला कर दिया। UAE अधिकारियों के मुताबिक, को-पायलट ने कॉकपिट में मौजूद क्रैश एक्स से कैप्टन पर वार किया और विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की।

हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया। विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित रूप से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

ईरान कनेक्शन की अभी जांच जारी

घटना के बाद हमले के मकसद और हमलावर के संभावित संपर्कों को लेकर जांच तेज है। UAE ने इस घटना को आतंकवादी कार्रवाई के प्रयास के तौर पर बताया है। वहीं, अलग-अलग रिपोर्टों में हमाम अल-हमामी के कथित कट्टरपंथी विचारों और उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच का जिक्र है। हालांकि, अभी तक ईरान से उसके संबंध का कोई निर्णायक सार्वजनिक सबूत सामने नहीं आया है।

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा

इस घटना में कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका की काफी चर्चा हुई है। गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने कॉकपिट तक मदद पहुंचने का रास्ता बनाया, जिससे विमान में मौजूद लोगों को हमलावर पर काबू पाने का मौका मिला। उनके साहस की इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी तारीफ की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here