कौन बनेगा इजरायल का PM? 4 घंटे चली नेतन्याहू और आइजेनकोट की बैठक, लेकिन नहीं निकला हल

0
1

नई दिल्ली: इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर चल रही बातचीत में प्रधानमंत्री पद का मुद्दा सबसे बड़ी अड़चन बनता दिख रहा है। गादी आइजेनकोट और बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टियों के प्रतिनिधियों ने रविवार को संभावित एकता गठबंधन पर चर्चा की। करीब चार घंटे चली बैठक के बावजूद कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद दोनों पक्षों ने संयुक्त बयान जारी कर आगे भी बातचीत जारी रखने की बात कही। लिकुड और याशार पार्टी की ओर से जारी बयान में बैठक का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया। हालांकि, दोनों दलों ने भविष्य में ऐसी और बैठकें करने पर सहमति जताई। अगली बैठक कब होगी, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

हिब्रू मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में प्रधानमंत्री पद किसे मिलेगा, इस मुद्दे को नहीं उठाया गया। आइजेनकोट और उनके समर्थक नेतन्याहू को दोबारा प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहते। दूसरी ओर, नेतन्याहू भी इस पद से नीचे किसी समझौते के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में दोनों पक्षों ने फिलहाल इस सवाल को बातचीत से अलग रखा है।

तीन अहम मुद्दों पर हुई बातचीत

‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें 7 अक्टूबर 2023 के हमले की जांच, न्यायिक सुधार और कानूनों के मसौदे शामिल हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक इन विषयों पर भी दोनों पक्षों के बीच खास सहमति नहीं बन सकी। दोनों दल इस बात पर एकमत हैं कि अरब पार्टियों को सरकार से दूर रखा जाना चाहिए। ये तीनों मुद्दे नेतन्याहू की उन शर्तों में शामिल बताए जाते हैं, जिन्हें उन्होंने सरकार में शामिल होने वाली पार्टियों के लिए जरूरी माना है।

आइजेनकोट को नेतन्याहू से बातचीत क्यों करनी पड़ रही है?

आइजेनकोट के गठबंधन में शामिल प्रमुख सहयोगी दल ‘यिसराएल बेतेनु’ ने अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने से इनकार कर दिया है। इस पार्टी के पास आठ सीटें हैं, इसलिए गठबंधन के लिए उसका समर्थन अहम है। पार्टी का मानना है कि अरब दलों के समर्थन से नेतन्याहू के खिलाफ कमजोर सरकार बनाई गई, तो इसका राजनीतिक नुकसान हो सकता है। उसके मुताबिक, ऐसी स्थिति में अगले चुनाव में नेतन्याहू 70 सीटों के साथ वापसी कर सकते हैं। पार्टी का तर्क है कि उन्हें चुनौती देने के लिए दक्षिणपंथी गठबंधन ही प्रभावी विकल्प हो सकता है, न कि वामपंथी गठबंधन।

फिलहाल नेतन्याहू को बातचीत में बढ़त मिलती दिख रही है। वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं और उनके गठबंधन के सहयोगी भी उनके साथ खड़े हैं। ऐसे में पहले आइजेनकोट की ओर से शर्तें रखी जा रही थीं, लेकिन अब नेतन्याहू अपनी मांगों पर जोर दे रहे हैं। हालांकि, इजरायल में सत्ता का समीकरण अभी स्पष्ट नहीं है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रहने वाली है, लेकिन प्रधानमंत्री पद पर सहमति बनना सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा राजनीतिक हालात में नेतन्याहू के एक बार फिर प्रधानमंत्री बनने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here