‘वीराना’ फिल्म की जैस्मिन धुन्ना: रातों-रात स्टार बनीं, फिर क्यों छोड़ा बॉलीवुड?

0
5

1988 में रामसे ब्रदर्स की हॉरर फिल्म ‘वीराना’ में भूतनी जैस्मिन का किरदार निभाने वाली अदाकारा को भला कौन भूल सकता है। इस फिल्म के जरिए अदाकारा जैस्मिन धुन्ना ने 80 के दशक में अपनी बेबाक खूबसूरती से सिनेमाजगत में धमाल मचा दी थी और दर्शकों की पसंदीदा बन गई थीं। फिल्म ‘वीराना’ में उन्होंने एक खतरनाक चुड़ैल का किरदार निभाया था, जिसे देखकर दर्शक सहम जाते थे। इसी फिल्म की बदौलत जैस्मिन को रातों-रात शोहरत मिली और लोग उन्हें मंदाकिनी की टक्कर की अदाकारा मानने लगे थे। अपनी खूबसूरती और अदाकारी के दम पर उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।
लेकिन सवाल यह उठता है कि सिनेमा की वह परम सुंदरी आज कहां है और क्या कर रही है? समय बहुत तेजी से बदलता है और इसी के साथ इंसान की जिंदगी भी बदल जाती है। अब जैस्मिन धुन्ना के मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। ‘वीराना’ के को-स्टार अदाकार हेमंत बिरजे ने एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान जैस्मिन के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, जैस्मिन इस समय अमेरिका में रहती हैं और वहां एक बिजनेस वुमन के तौर पर काम कर रही हैं। हालांकि, वह कई बार मुंबई भी आती रहती हैं।

मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किए जाने की खबरें आई थी सामने

पिछले साल नवंबर महीने में जैस्मिन धुन्ना को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किए जाने की खबरें सामने आई थीं। उस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। इन्हें देखकर अंदाजा लगाया गया कि 38 सालों बाद ‘वीराना’ की जैस्मिन का लुक पूरी तरह बदल गया है। हालांकि, बाद में यह भी रिपोर्ट सामने आई थी कि जैस्मिन से जुड़ी वायरल वीडियो एआई के जरिए बनाई गई थी।

80 के दशक के दर्शक आज भी करते है याद

रिपोर्टों में दावा किया जाता है कि जैस्मिन धुन्ना की खूबसूरती को देखकर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम भी उनके पीछे पड़ गया था। इस कारण जैस्मिन काफी परेशान हो गई थीं और इसी वजह से उन्होंने बॉलीवुड से दूरी बना ली थी। इसके बाद साल 2017 में जैस्मिन की मां का भी देहांत हो गया और इसके बाद वह हमेशा के लिए विदेश में शिफ्ट हो गईं। आज जैस्मिन धुन्ना भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा नाम है, जिसे 80 के दशक के दर्शक आज भी याद करते हैं। उनकी खूबसूरती और ‘वीराना’ में उनका किरदार आज भी लोगों की यादों में ताजा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here