नई दिल्ली: राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इस बार एक खास मेहमान ने सबका ध्यान खींच लिया है। दूध जैसा सफेद रंग, मजबूत कद-काठी और लंबा कद. बता दें, यहां बात हो रही है घोड़े बादल की, जो इन दिनों मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सोशल मीडिया पर बादल की शाही एंट्री का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
एंट्री देखते ही जुटी भीड़
वायरल वीडियो में बादल की एंट्री देखते ही बनती है। जैसे ही बादल मेले में पहुंचता है, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट जाती है। उसकी चाल, कद-काठी और शाही अंदाज देखकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो में बादल के आसपास बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोग नोटों की गड्डियां उड़ाते हुए भी दिखाई देते हैं। बादल की यह एंट्री सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग उसे पुष्कर मेले का नया सुपरस्टार बता रहे हैं।
कीमत 5 करोड़, सुरक्षा में 100 बॉडीगार्ड
बादल को लेकर सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतना ही नहीं, उसकी खास एंट्री और सुरक्षा को लेकर भी खूब चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि बादल की मेले में एंट्री करीब 100 बॉडीगार्ड की सुरक्षा के बीच कराई जाएगी। हालांकि, कीमत और सुरक्षा से जुड़ी यह जानकारी मालिक के दावे पर आधारित है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी, बादल की चर्चा ने मेले की रौनक और बढ़ा दी है।
मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों का जलवा
पुष्कर पशु मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से पशुपालक अपने खास घोड़ों के साथ पहुंचते हैं। यहां मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों की खास पहचान है। इस बार भी करोड़ों रुपये कीमत वाले कई घोड़े सुर्खियों में हैं। महाराष्ट्र से आए आरडीएक्स और एलेक्स भी अपनी कद-काठी और बताई गई कीमत को लेकर चर्चा में हैं। आरडीएक्स की ऊंचाई 68.5 इंच बताई गई है, जबकि एलेक्स की कीमत भी करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बादल बना लोगों की पहली पसंद
बादल भी इस मेले में अपनी शाही मौजूदगी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने उसकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया है। घोड़े की भव्य एंट्री, सफेद रंग और शानदार कद-काठी देखकर लोग इसे पुष्कर मेले का एक और सुपरस्टार बता रहे हैं। मेले में आने वाले लोग खास तौर पर बादल को देखने के लिए पहुंच रहे हैं और उसके साथ तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं। पशुपालकों का कहना है कि ऐसे घोड़े मेले की शान होते हैं और इन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं।












