हरियाणा: एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने गत सायं रतिया शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकानों के आगे सामान रखकर सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कचरा खुले में न डालें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो दुकानदार बार-बार समझाने के बावजूद सार्वजनिक रास्तों पर सामान रखकर अतिक्रमण करते हैं, उनके सामान को नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घग्गर नदी क्षेत्र का जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घग्गर नदी क्षेत्र का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्थानों की बेहतर व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। घग्गर नदी पुल के पास 6 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे को देखते हुए एसडीएम ने पुल एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त निगरानी सुनिश्चित करने तथा हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए।
किसानों से यातायात नियमों के पालन की अपील
एसडीएम ने धान की फसल लेकर मंडियों में आने वाले किसानों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर स्पष्ट रूप से नंबर प्लेट लगी होनी चाहिए। साथ ही, ट्रैक्टरों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर का प्रयोग न किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो और सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में अतिक्रमण, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान नगरपालिका सचिव शुभम कुमार, यातायात पुलिस टीम इंचार्ज भीम सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Reported by: Rimpi Jindal












