नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे सियासी घमासान के बीच एक नया मामला सामने आया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया। बता दें, उनके साथ आशुतोष रांका और सौरभ दास भी थे और तीनों मुंबई से दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के इरादे से आए थे।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने तीनों को एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में लिया। इस दौरान विमान के अंदर ही मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर आने को कहा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अभिजीत दीपके पुलिस से बहस करते दिख रहे हैं।
‘मैं डरने वाला नहीं हूं’: अभिजीत दीपके
वीडियो में दीपके कहते सुनाई दे रहे हैं, “मैं अरेस्ट होने के लिए ही आया हूं। कर लो अरेस्ट। दिल्ली पुलिस हमारे साथ अपराधी जैसा बर्ताव कर रही है। आ जाओ, कर लो अरेस्ट। यह अराजकता है। ऐसा तो इंदिरा गांधी के समय में भी नहीं हुआ। मैं डरने वाला नहीं हूं।” बताया जा रहा है कि दीपके और उनके साथी शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने वाले थे।
#UPDATE | Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke has been detained by the Police at Delhi Airport.
— ANI (@ANI) October 10, 2026
उनका कहना है कि चुनाव आयोग वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रहा है, इसलिए CEC को इस्तीफा देना चाहिए। इसी मांग को लेकर INDI गठबंधन के सांसद भी पिछले दिनों दिल्ली में प्रदर्शन कर चुके हैं।
AAP ने लगाया ‘काला आपातकाल’ का आरोप
इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। आप ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में आने वाले लोगों को जानबूझकर रोका जा रहा है और हिरासत में लिया जा रहा है।
विधायक गोपाल राय ने कहा कि देश में ‘काला आपातकाल’ जैसी स्थिति बना दी गई है। सरकार ने सिर्फ एक व्यक्ति की सुरक्षा के नाम पर मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए और ट्रेनें तक रद्द कर दीं। पुलिस विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हिरासत में लिए गए लोगों को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।












